ऋषिकेश में सुबह भ्रमण पर निकले एक वरिष्ठ नागरिक से लूट का प्रयास
ऋषिकेश में सुबह भ्रमण पर निकले एक वरिष्ठ नागरिक को अज्ञात युवक ने लूटने का प्रयास किया। अन्य लोगों के वहां पहुंचने पर युवक वहां से भाग गया।
ऋषिकेश, जेएनएन। सुबह भ्रमण पर निकले एक वरिष्ठ नागरिक को अज्ञात युवक ने लूटने का प्रयास किया। अन्य लोगों के वहां पहुंचने पर युवक वहां से भाग गया।
गंगा तट आस्था पथ पर सुबह और शाम बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भ्रमण पर निकलते हैं। मंगलवार की सुबह करीब 5:30 बजे स्थानीय ट्रांसपोर्टर विजय टक्कर (65 वर्ष) बैराज की ओर से प्रातः भ्रमण कर त्रिवेणी घाट की ओर आ रहे थे। सुबह के वक्त गंगा तट पर कोहरा छाया था। 72 सीढ़ी के समीप बुजुर्ग को एक युवक ने अचानक रोका और उन्हें नीचे गिरा दिया। इस युवक ने नीचे गिरे बुजुर्गों की जेब में हाथ डालने की कोशिश की। इस बीच वह अन्य दो लोग पहुंच गए। इसके बाद यह युवक सीढ़ी की ओर भाग गया।
यह भी पढ़ें: डकैती कांड: वीरेंद्र गैंग के सदस्यों को लेकर दिल्ली गई टीम लौटी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ देर तक यह युवक सीढ़ियों पर खड़ा होकर नीचे देखता रहा। जब वहां भीड़ बढ़ने लगी तो वह हरिद्वार मुख्य मार्ग की ओर चला गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। करीब 4 माह पूर्व भी आस्था पथ पर सुबह के वक्त एक बुजुर्ग के साथ मोबाइल और जेब से नकदी लूटने की घटना हुई थी। जिस पर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया था।
यह भी पढ़ें: क्रिकेटर अभिमन्यु ईश्वरन के घर हुई डकैती में दिल्ली का जौहरी गिरफ्तार, Dehradun News