अंबानी परिवार फिर मदद को आया आगे, चारधाम देवस्थानम बोर्ड के कर्मचारियों के वेतन को दिए 5 करोड़
मुकेश अंबानी के बेटे और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पूर्व सदस्य अनंत अंबानी ने कोरोना काल में आर्थिक हालातों को देखते हुए उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम बोर्ड के कर्मचारियों के वेतन के लिए पांच करोड़ की धनराशि दान दी है।
देहरादून, जेएनएन। प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी ने कोरोना काल में उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के कर्मचारियों के वेतन को पांच करोड़ की धनराशि प्रदान की है। अनंत पूर्व में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य भी रह चुके हैं। देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडी सिंह ने बताया कि उद्योगपति मुकेश अंबानी सहित उनके परिवार की बदरीनाथ-केदारनाथ समेत चारों धाम के प्रति अगाध आस्था सर्वविदित है।
पहले भी वह करोड़ों की दान राशि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को भेंट करते रहे हैं। इस वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते चारधाम यात्रा चार माह तक पूरी तरह ठप पड़े रहने के कारण देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की आॢथकी भी प्रभावित हुई है। सिंह के अनुसार इसी के मद्देनजर उन्होंने बोर्ड कर्मियों के वेतन के लिए उद्योगपति अनंत अंबानी से सहयोग का अनुरोध किया था। इसे तुरंत स्वीकारते हुए उन्होंने पांच करोड़ की धनराशि कर्मचारियों के वेतन के लिए देवस्थानम बोर्ड को प्रदान की।
वहीं, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडी सिंह के मुताबिक कोरोना महामारी से इस यात्रा वर्ष देवस्थानम बोर्ड की आर्थिकी भी प्रभावित हुई है। लिहाजा उन्होंने कर्मचारियों के वेतन के लिए अनंत अंबानी से अनुरोध किया था, जिसे उन्होंने तुरंत स्वीकार कर लिया और अंबानी परिवार ने पांच करोड़ रुपये कर्मचारियों के वेतन के लिए देवस्थानम बोर्ड को दान स्वरूप दिए हैं।
वहीं, देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि देवस्थानम बोर्ड कर्मचारियों ने उद्योगपति अनंत अंबानी सहित प्रदेश सरकार और देवस्थानम बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन के साथ ही अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडी सिंह का आभार जताया है।