Move to Jagran APP

उमेश कुमार को लेकर दून पुलिस रांची हुई रवाना

शुक्रवार देर रात समाचार दून पुलिस प्लस चैनल के सीईओ उमेश कुमार को रांची कोर्ट में पेश कराने के लिए लेकर रांची के लिए रवाना हो गई।

By Sunil NegiEdited By: Published: Sun, 18 Nov 2018 10:48 AM (IST)Updated: Sun, 18 Nov 2018 10:48 AM (IST)
उमेश कुमार को लेकर दून पुलिस रांची हुई रवाना
उमेश कुमार को लेकर दून पुलिस रांची हुई रवाना

देहरादून, जेएनएन। समाचार प्लस चैनल के सीईओ उमेश कुमार को रांची कोर्ट में पेश कराने के लिए दून पुलिस उसे लेकर शुक्रवार देर रात रांची के लिए रवाना हो गई। उस पर रांची के अरगोड़ा थाने में राजद्रोह का मुकदमा दर्ज है, जिसमें रांची कोर्ट ने वारंट जारी कर 24 नवंबर को कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है। 

loksabha election banner

उत्तराखंड के कद्दावर नेताओं और नौकरशाहों के स्टिंग कर ब्लैकमेल करने की साजिश रचने के आरोप में फंसे उमेश कुमार पर देहरादून के राजपुर थाने में 11 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में उसे 28 अक्टूबर को गाजियाबाद स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। 29 अक्टूबर को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। इस बीच पुलिस ने रिमांड लेकर उमेश से पूछताछ भी की, लेकिन कोई खास जानकारी पुलिस को नहीं मिली। उसने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के पासवर्ड तक को बताने से इन्कार कर दिया। शुक्रवार को उमेश की अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत से सशर्त जमानत मंजूर हो गई, मगर उसे रिहा नहीं किया गया। दरअसल, उसे जमानत मिलने से पहले ही रांची कोर्ट से उमेश के खिलाफ वारंट जेल प्रशासन को मिल गया था। ऐसे में शुक्रवार देर रात ही उमेश को पुलिस लाइन से दो सब इंस्पेक्टर और चार कांस्टेबिलों की गारद बुलाकर उनके साथ रांची के लिए रवाना कर दिया गया।

किसान मोर्चा के अध्यक्ष ने दर्ज कराया है मुकदमा

उमेश पर बीते चार नवंबर को रांची (झारखंड) के अरगोड़ा थाना में राजद्रोह का मुकदमा पंजीकृत है। यह मुकदमा वहां के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमृतेश सिंह ने दर्ज कराया है। उमेश पर आरोप है कि उसने अमृतेश से उत्तराखंड सरकार के खिलाफ झूठे सबूत मांगे थे, जिसे न देने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी। इस मामले में रांची की कोर्ट से उमेश के खिलाफ वारंट जारी किया गया है।

राहुल भाटिया के दर्ज हुए बयान

राजपुर में स्टिंग के जरिये ब्लैकमेलिंग करने के मामले में आरोपित राहुल भाटिया शनिवार को राजपुर थाने पहुंचा। एसओ राजपुर अरविंद सिंह ने बताया कि मामले में राहुल भाटिया के बयान दर्ज किए गए हैं। बता दें कि उमेश कुमार पर मुकदमा दर्ज कराने वाले आयुष गौड़ का आरोप है कि नेताओं-अधिकारियों के स्टिंग के दौरान राहुल भाटिया साये की तरह उसके साथ मौजूद रहता था। स्टिंग हो जाने के बाद वह उपकरणों को कब्जे में लेता और उसे उमेश तक पहुंचा देता था।

यह भी पढ़ें: उमेश कुमार को कोर्ट से मिली सशर्त जमानत, रिहा होने में पेच

यह भी पढ़ें: स्टिंग मामले में निचली अदालत करेगी सुनवाई, नार्को व ब्रेन मैपिंग टेस्ट पर भी रोक

यह भी पढ़ें : हाईकोर्ट ने स्टिंग मामले में दो और आरोपित की गिरफ्तारी पर लगाई रोक


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.