डीबीएस पीजी कॉलेज में लगातार तीसरी बार एबीवीपी का अध्यक्ष Dehradun News
डीबीएस पीजी कॉलेज में लगातार तीसरी बार एबीवीपी ने अध्यक्ष पद पर भारी मतों से जीत हासिल की। वहीं इस दफा एबीवीपी का कॉलेज में पैनल उतारना भी कारगर साबित हुआ।
देहरादून, जेएनएन। डीबीएस पीजी कॉलेज में लगातार तीसरी बार एबीवीपी ने अध्यक्ष पद पर भारी मतों से जीत हासिल की। वहीं इस दफा एबीवीपी का कॉलेज में पैनल उतारना भी कारगर साबित हुआ। महासचिव को छोड़ कर हर पद पर एबीवीपी ने कब्जा किया। महासचिव पद पर दो साल बाद मैदान में उतरे आर्यन संगठन ने बाजी मारी। डीबीएस पीजी कॉलेज में सुबह सात बजे से ही चुनावी माहौल बनना शुरू हो गया। यहां कॉलेज प्रशासन और पुलिस की व्यवस्था में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। दोपहर 1:30 बजे तक मतदान के बाद ढाई बजे से मतगणना शुरू हुई।
अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के प्रत्याशी मोहन प्रसाद ने एनएसयूआइ की मनीषा नेगी को 139 मतों से मात दी। महासचिव पद पर आर्यन के केशव प्रसाद आर्यन ने एबीवीपी के आशुतोष को 58 मतों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की दिव्या पाठक ने आर्यन के अमित मुनियाल को 105 मतों से हराया। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी के सौरभ रावत ने आर्यन के अखिलेश को 119 वोटों से हराया। सह सचिव पद पर एबीवीपी की अंजली रावत ने निर्दलीय प्रत्याशी आकाश कुमार को दो मतों से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के अभिषेक तोमर ने निर्दलीय प्रत्याशी हिमांशु को 57 वोट से मात दी। शाम सवा पांच बजे मतगणना के बाद चुनाव अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा ने मत परिणाम छात्रों को सुनाए। डीबीएस में इस दफा 59. 78 फीसद मतदान हुआ। कुल 1922 मतदाताओं में से 1149 छात्रों ने मतदान किया। वहीं कॉलेज प्राचार्य डॉ. वीसी पांडे ने विजेता प्रत्याशियों को शपथ दिलाई।
कॉलेज परिसर में निकाला विजय जुलूस
जीत के बाद विजेता प्रत्याशियों ने कॉलेज परिसर में ही अपनी जीत का जश्न मनाया। इस मौके पर एबीवीपी और आर्यन संगठन ने खूब गुलाल उड़ाया और ढोल की थाप पर नाचे।
यह भी पढ़ें: छात्रसंघ चुनाव: डीएवी पीजी कॉलेज में अभाविप को बागी ले डूबे
जमकर हुआ नोटा का प्रयोग
डीबीएस पीजी कॉलेज में नोटा का प्रयोग करने वालों की भी कमी नहीं थी। यहां कुल 710 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। जिसमें सर्वाधिक सह सचिव पद पर 260 छात्रों ने नोटा का प्रयोग किया। वहीं कोषाध्यक्ष पर 230, उपाध्यक्ष पर 118, विवि प्रतिनिधि पर 81, अध्यक्ष पर 12 और महासचिव पद पर सबसे कम 09 छात्रों ने नोटा चुना।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में महाविद्यालयों के छात्रसंघ चुनाव में अभाविप व निर्दलीयों का दबदबा