खाटुवा पंचायत में 32 परिवारों ने ली कांग्रेस की सदस्यता
चकराता मिशन-2022 फतह करने को चल रहे कांग्रेस के सदस्यता अभियान के तहत गुरुवार को कांग्रेस की सदस्यता ली।
संवाद सूत्र, चकराता: मिशन-2022 फतह करने को चल रहे कांग्रेस के सदस्यता अभियान के तहत गुरुवार को सीमांत खाटुवा पंचायत के भ्रमण पर आए चकराता की ब्लॉक प्रमुख व युवा कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार पर सियासी हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार की जन विरोधी नीतियों के चलते जनता का भाजपा से मोहभंग हो रहा है। कहा जब से भाजपा की सरकार बनी है जौनसार-बावर में विकास का पहिया जाम हो गया। सरकार पूर्व में हुए कांग्रेस शासन काल के विकास कार्यों का राजनीति श्रेय ले रही है। कांग्रेस की सियासी रणनीति के चलते खाटुवा क्षेत्र के 32 ग्रामीण परिवारों ने कांग्रेस की सदस्यता ली, जिनका कांग्रेस पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
ब्लॉक प्रमुख चकराता निधि राणा, अभिषेक सिंह, जिला सचिव सुरेश राणा व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमर सिंह चौहान खत विशलाड़ से जुड़े जौनसार के सीमांत खाटुवा पंचायत में पहुंचे। यहां पर उन्होंने भाजपा की केंद्र व राज्य की सरकारों के योजनाओं को जनविरोधी बताया और ग्रामीणों से कांग्रेस की नीतियों में विश्वास रखने की अपील की। कहा कि जनता को अच्छे दिन लाने का सपना दिखाकर सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार ने पूर्व में चुनाव के वक्त किए सभी वायदे भुला दिए हैं। ब्लॉक प्रमुख निधि राणा ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण देश व राज्य में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और अन्य सभी चीजों के रेट तेजी से बढ़ रहे हैं। कमरतोड़ मंहगाई के चलते आमजन का जीना मुश्किल हो गया है। प्रतिवर्ष दो करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का दम भरने वाली भाजपा सरकार में बेरोजगारी का आंकड़ा रिकार्ड बन गया। उन्होंने कहा कि सरकार के किसान विरोधी कानून को लागू करने से देश का अन्नदाता पिछले कई दिनों से सड़कों पर उतर के आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सत्ता के नशे में चूर सरकार किसानों की मांगे मानने को तैयार नहीं। ब्लॉक प्रमुख ने कहा जब से राज्य में भाजपा की सरकार बनी है तब से जनजाति क्षेत्र जौनसार-बावर में विकास का पहिया जाम हो गया। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र सिंह राणा, विजन सिंह, सत्यपाल सिंह राणा, किशन सिंह राणा, चंदर सिंह चौहान, मदन सिंह, जयपाल सिंह, सरदार सिंह, नेपाल सिंह, सुपा सिंह, मातबर सिंह, दीवान सिंह, राजेश राणा, महावीर सिंह, इंदर सिंह चौहान, गुड्डू भारती, कुंदन भारती, मोहन व संजय आदि मौजूद रहे।