सीएम त्रिवेंद्र रावत ने दी गैरसैंण को 25 हजार करोड़ की सौगात, कर्मचारियों को मिलेगा बोनस
ग्रीष्मकालीन राजधानी बनने के बाद भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में पहली बार राज्य स्थापना दिवस पर सोमवार को आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्यवासियों को कई सौगात दी। उन्होंने कहा कि सरकारी अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस मिलेगा।
देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड के 21वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के विकास के लिए 25 हजार करोड़ रुपये की सौगात दी। उन्होंने कहा कि 'अगले 10 साल में इस धन से गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी के अनुरूप विकसित किया जाएगा। यहां के सुनियोजित विकास के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति बनाई जाएगी।' मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को दीपावली पर बोनस देने का एलान भी किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं कीं।
गैरसैंण में पहली बार राज्य स्थापना दिवस पर मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन के जरिये संदेश दिया गया कि गैरसैंण सरकार के लिए सिर्फ प्रतीकात्मक राजधानी नहीं है। विधानसभा भवन के प्रांगण में मुख्यमंत्री ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल व उत्तराखंड पुलिस की भव्य परेड की सलामी ली। उन्होंने राज्य निर्माण आंदोलन के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि यहां की भावनाओं को समझते हुए ही उन्होंने उत्तराखंड के रूप में अलग राज्य का गठन किया। पहाड़ की महिलाओं के जीवट को सलाम करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 'हम संकल्प लेते हैं कि माता-बहनों के सिर से घास का बोझ हटा देंगे। स्किल डेवलेपमेंट के जरिये उन्हें आर्थिक तौर पर सशक्त बनाया जाएगा।'
सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए रावत ने कहा कि स्वरोजगार को अभियान के तौर पर लिया गया है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में ऋण और अनुदान की व्यवस्था है। जिलों में स्वरोजगार पर जिला योजना का 40 प्रतिशत खर्च करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में एक रुपये में पानी का कनेक्शन दिया जा रहा है। कैम्पा में 10 हजार युवाओं को रोजगार देने की तैयारी है। अटल आयुष्मान योजना में पांच लाख रुपये तक निश्शुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। महाविद्यालयों में 94 प्रतिशत फैकल्टी है। 500 स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज हैं और 700 में जल्द शुरू कर दी जाएंगी। आशा कार्यकत्र्ताओं के मानदेय, वृद्धावस्था, विधवा व विकलांग पेंशन में वृद्धि की गई है।
समारोह में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्य, विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, महेंद्र भट्ट, मुन्नी देवी शाह, भरत सिंह चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष चमोली रघुवीर सिंह बिष्ट उपस्थित थे।
गैरसैंण पहाड़वासियों की पीड़ा का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरसैंण पहाड़वासियों की पीड़ा का प्रतीक है। हमारी सरकार पहाड़ के दर्द को समझती है। इसलिए यहां का विकास हमारी प्राथमिकता है। इसी क्रम में सरकार ने रूरल ग्रोथ सेंटर प्रारंभ किए हैं। 104 केंद्र स्वीकृत किए गए हैं और इनमें 40 से अधिक शुरू हो चुके हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है।
ये मिली सौगात
- ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के ढांचागत विकास के लिए तैयार होगा मास्टर प्लान
- सरकारी अराजपत्रित कर्मचारियों, निकाय कर्मियों, शिक्षकों, कार्यप्रभारित दैनिक वेतनभोगियों को मिलेगा बोनस
- शहरी क्षेत्रों के गरीबों को महज सौ रुपये में पेयजल कनेक्शन
- भ्रष्टाचार पर अंकुश के लिए नया हेल्पलाइन नंबर
- सीमांत क्षेत्रों में 11 पुलिस आउटपोस्ट
- जिला विकास प्राधिकरणों में मानचित्र पास करने की प्रक्रिया का सरलीकरण व शिथिलीकरण
- राज्य की निर्यात नीति बनाई जाएगी
- सभी जिलों में नगर वन, ईको और बायोडायवर्सिटी पार्क की स्थापना
यह भी पढ़ें: सत्ता के गलियारे से : 20 वीं सालगिरह मुबारक उत्तराखंड