12 आइएफएस अधिकारियों के तबादले
राज्य ब्यूरो, देहरादून: शासन ने भारतीय वन सेवा(आइएफएस) के 12 अधिकारियों के पदभार में बदलाव
राज्य ब्यूरो, देहरादून: शासन ने भारतीय वन सेवा(आइएफएस) के 12 अधिकारियों के पदभार में बदलाव किया है। इसके तहत प्रमुख वन संरक्षक गंभीर सिंह को प्रबंध निदेशक, उत्तराखंड वन विकास निगम का जिम्मा सौंपा गया है। प्रमुख संरक्षक रंजना काला से मौजूदा पदभार वापस लेकर प्रमुख वन संरक्षक परियोजनाएं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रमुख वन संरक्षण मोनिष मल्लिक को मौजूदा पदभार के साथ ही प्रशासन का अतिरिक्त पदभार सौंपा गया है। प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी से मौजूदा पदभार हटाते हुए वन पंचायत के साथ ही नियोजन एवं वित्तीय प्रबंधन का पदभार सौंपा गया है।
शनिवार को अपर मुख्य सचिव, वन डॉ. रणवीर सिंह की ओर से आइएफएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए गए। इसके तहत अपर प्रमुख वन संरक्षण अनूप मलिक से भूमि संरक्षण/नोडल अधिकारी का पदभार वापस लिया गया है। उनके शेष पदभार यथावत रहेंगे। अपर प्रमुख वन संरक्षक डॉ. धनंजय मोहन को मौजूदा पदभार के साथ ही मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक का पदभार सौंपा है। यह पद उन्हें मौजूदा मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक डीबीएस खाती के सेवानिवृति के पश्चात सौंपा जाएगा। इसके अलावा अपर प्रमुख वन संरक्षक विनीत कुमार पांगती को वन अनुसंधान प्रबंधन एवं प्रशिक्षण हल्द्वानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने मुख्य वन संरक्षक शिवालिक एवं पौड़ी का एकीकरण करते हुए इसकी जिम्मेदारी मुख्य वन संरक्षक भुवन चंद्र को सौंपी है। मुख्य वन संरक्षक बीके गांगटे को मौजूदा पदभार के साथ प्रशासन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। मुख्य वन संरक्षक मनोज चंद्रन को वन भूमि हस्तांतरण, नोडल अधिकारी कार्यालय तथा अपर प्रमुख वन संरक्षक भूमि संरक्षण/नोडल अधिकारी का जिम्मा दिया गया है। वन संरक्षक पीके पात्रो को मौजूदा पदभार के साथ ही भागीरथी वृत्त, मुनिकीरेती का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वन संरक्षक राहुल से मौजूदा जिम्मेदारी हटाते हुए वन संरक्षक शिवालिक वृत्त का जिम्मा सौंपा गया है।