चंडीगढ़ व राजस्थान से आए 1132 लोग घरों को रवाना
विभिन्न राज्यों में लॉकडाउन के कारण फंसे उत्तराखंड के प्रवासियों के वापसी की प्रक्रिया जारी है। मंगलवार को चंडीगढ़ और उससे जुड़े हरियाणा और पंजाब प्रांतों सहित राजस्थान से करीब 1132 लोगों को परिवहन निगम की बसों से यहां लाया गया। इन सभी को थर्मल स्क्रीनिग और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद 57 बसों में यहां से रवाना किया गया।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश :

रायपुर स्पोर्ट्स कॉलेज से जनपद टिहरी के विभिन्न क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को मुनिकीरेती पूर्णानंद मैदान में भेजा गया। सोमवार देर रात 1:30 बजे यहां लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। इन सभी को जनार्दन जूनियर हाईस्कूल और पूर्णानंद इंटर कॉलेज परिसर में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए रखा गया। मंगलवार सुबह यहां उप जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद कुमार शाह, प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी परिवहन कर अधिकारी पंकज श्रीवास्तव, कार्यालय सहायक परिवहन निगम विपिन चौधरी की मौजूदगी में सभी लोगों की क्षेत्रवार सूची बनाई गई। टिहरी गढ़वाल मोटर्स कंपनी और यातायात परिवहन कंपनी की 31 बसें यहां लगाई गई। 26 बसें परिवहन निगम की पर्वतीय क्षेत्र को जाने वाली लगाई गई। इन सभी बसों से जनपद टिहरी के विभिन्न क्षेत्रों में उनके घरों के लिए भेजा गया। दोपहर दो बजे तक सभी कि यहां से रवानगी हो गई। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र नगर डॉ. जगदीश जोशी ने बताया कि यहां से 1132 लोगों को भेजा गया है। मुनिकीरेती पूर्णानंद इंटर कॉलेज में इन सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिग के साथ स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। सभी लोग स्वस्थ पाए गए। उन्होंने बताया कि संबंधित तहसील को इस संबंध में उप जिलाधिकारी नरेंद्र नगर के द्वारा संबंधित लोगों की सूची और पत्र जारी किया गया है। इन सभी लोगों को इनके क्षेत्रों में 14 दिन तक होम क्वारंटाइन पर रखा जाएगा।