अज्ञात लोगों ने मनिहारगोठ में खडे़ कैंटर वाहन में लगाई आग
संवाद सहयोगी टनकपुर नगर से लगे गांव मनिहारगोठ में खडे़ एक कैंटर वाहन में अज्ञात लोगो
संवाद सहयोगी, टनकपुर : नगर से लगे गांव मनिहारगोठ में खडे़ एक कैंटर वाहन में अज्ञात लोगों द्वारा आग लगा दी गई। जिससे गांव में हड़कंप मच गया। गरुवार को गांव मनिहारगोठ में चालक रिजवान ने खाली कैंटर वाहन संख्या यूके03-टीए-0688 अपने घर के आगे खड़ा किया था। इस बीच रात्रि करीब 12:30 बजे टायर फटने का जोरदार धमाका हुआ। जिससे रिजवान का परिवार व आसपास के लोग जगकर बाहर आए। कैंटर में लगी आग का नजारा देखकर सभी हक्के-बक्के रह गए। जैसे-तैसे ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। शुक्रवार को चालक द्वारा मनिहारगोठ गांव स्थित पुलिस चौकी में घटना की तहरीर दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। बताया जाता है कि यह वाहन चम्पावत निवासी सुनीता नाथ पत्नी समीर नाथ का है। इधर कोतवाल सीएम सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस टीम गठित कर जांच की जा रही है।