बिरगुल में दो दिवसीय अखंड रामायण पाठ शुरू
आदर्श रामलीला कमेटी गोली बिरगुल की ओर से दो दिवसीय अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया।
संवाद सहयोगी, लोहाघाट : आदर्श रामलीला कमेटी गोली बिरगुल की ओर से दो दिवसीय अखंड रामायण पाठ का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया है। रामलीला समिति के लोगों ने कोरोना संक्रमण के चलते इस बार रामलीला मंचन के स्थान पर परंपरा का निर्वहन करने के लिए दो दिवसीय अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया। पुरोहितों ने रामलीला मंचन में पूजा अर्चना के बाद अखंड रामायण का पाठ शुरू किया। शनिवार को हवन यज्ञ, पूजा अर्चना के साथ भजन कीर्तन होंगे। रामलीला कमेटी अध्यक्ष अशोक सिंह बिष्ट ने बताया कि रामलीला की परंपरा जारी रहे इसे देखते हुए गोली बिरगुल में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। रामायण पाठ में विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे राम भक्त शामिल हुए। भक्तों ने भगवान श्रीराम से विश्व से कोरोना संक्रमण के खात्मे की प्रार्थना की। इस दौरान ग्राम प्रधान कमला देवी, प्रकाश सिंह बोहरा, अंबादत्त्त जोशी, नवीन महराना, विक्रम सिंह, मोहित, महेश, सुनील, सुमित, सचिन, बजीर सिंह आदि लोग मौजूद रहे।