महिला से छेड़छाड़ करने वाले पीआरडी जवान को भेजा जेल
शारदा घाट में रह रही एक महिला ने पीआरडी जवान पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। जिसे जेल भेज दिया गया है।
टनकपुर, जेएनएन : शारदा घाट में रह रही एक महिला ने पीआरडी जवान पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि आरोपित शारदा घाट के पास ही रहता है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज जेल भेज दिया है।
शनिवार को विवाहिता महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर पीआरडी जवान पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष जसवीर चौहान ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पीआरडी जवान सूरज शर्मा पुत्र शकर शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके खिलाफ आइपीसी की धारा 452, 354, 506 के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपित ने पूर्व में शारदा नदी में डूबने से कई तीर्थ यात्रियों की जान बचाई थी जिसके एवज में उसे चम्पावत प्रशासन द्वारा पीआरडी में नियुक्ति दी गई थी।