पेयजल समस्या को लेकर बजरंगवली वार्ड के लोगों ने किया प्रदर्शन
लोहाघाट नगर के बजरंगवली वार्ड के लोगों ने गुरुवार को पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, लोहाघाट : नगर के बजरंगवली वार्ड के लोगों ने गुरुवार को पानी की समस्या को लेकर खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन व नारेबाजी कर आक्रोश जताया। लोगों ने समस्या का समाधान न होने पर जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी।
सभासद राजकिशोर शाह के नेतृत्व में एकत्रित हुए लोगों ने कहा कि वार्ड के लोगों को दो दिन में पानी मिलता है वह भी महज 20 मिनट दिया जा रहा है। जिसके चलते लोगों को पर्याप्त पानी नही मिल पा रहा है। पानी न होने पर लोग नदी नालों के पानी से दिनचर्या चला रहे हैं। विभाग एक माह में 15 दिन पानी दे रहा है और 30 दिन का बिल भेज रहा है। लोगों ने कहा कि जब 15 दिन पानी मिल रहा है तो बिल भी 15 दिन का ही भेजना चाहिए। वहीं नगर का जल संस्थान कार्यालय नगर से ढ़ाई किमी दूर होने से लोगों को पानी के बिल जमा करने में आवाजाही के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जल संस्थान से 20 मिनट के स्थान पर एक घंटा पानी देने की मांग की है। ऐसा न होने पर जल संस्थान में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है। इधर जल संस्थान के जेई पवन बिष्ट का कहना है कि बजरंग वली वार्ड में पेयजल समस्या को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है। शीघ्र वार्ड के लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा। इस दौरान जगराज सिंह देउपा, तुलसी देवी, पार्वती देवी, जानकी देवी, पंकज बोहरा, लोकेश तिवारी, जगदीश चंद्र आदि लोग मौजूद रहे।