पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल की मौजूदगी में टनकपुर में तीन सभासदों समेत कई लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ
पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल की मौजूदगी में टनकपुर में तीन वार्ड सभासदों सहित कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
संवाद सहयोगी, चम्पावत : पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल की मौजूदगी में टनकपुर में तीन वार्ड सभासदों सहित कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। रविवार को एक बारात घर में आयोजित कार्यक्रम में सभासद योगेश पांडेय, रईस अहमद और हुमा अंसारी के साथ सभासद पति वकील अंसारी, सुनील वाल्मीकि समेत कई लोग कांग्रेस में शामिल हुए। पूर्व विधायक ने माल्यार्पण कर सभी का स्वागत किया और उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। कांग्रेस में शामिल लोगों ने कहा कि जनता भाजपा शासन में बढ़ती महंगाई से परेशान है। उन्होंने कांग्रेस की रीति और नीति से खुश होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। पूर्व विधायक ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी विचारधारा और कार्यशैली से आहत लोग इस बार काग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार लाने का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार, महंगाई और हर रोज बढ़ रहे ईधन के दामों से परेशान होकर गरीब व्यक्ति सड़कों पर आने को मजबूर हो गया है। कार्यक्रम के दौरान काग्रेस नगर अध्यक्ष अनिल चौधरी उर्फ पिंकी, गजेंद्र पाल गज्जी, नीरज मिश्रा, कमल पंत, अशोक मुरारी, सभासद देवेंद्र सिंह, श्याम सिंह, ईशु अग्रवाल, रूपेश सक्सेना, मुस्तफा हसन, इरशाद अंसारी, बच्ची सिंह, हाजी मुकीम, कैलाश राम, रमेश चंद्र, नरेश सकारी, गोपाल शर्मा आदि मौजूद रहे। ======== मयूख को सौंपी चारों सीटों की जिम्मेदारी पिथौरागढ़: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पिथौरागढ़ के पूर्व विधायक मयूख महर को पिथौरागढ़ की चारों विधानसभा सीटों को जिताने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने महर की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि वे विकास के लिए समर्पित व्यक्ति हैं। उनके कार्यकाल में पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। इन कार्यो को कांग्रेस शासनकाल में आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार बनने पर मयूख महर को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने का भरोसा भी उन्होंने क्षेत्र की जनता को दिया है।