आइटीबीपी के जवानों ने लगाए छायादार व फलदार पौधे
चम्पावत के लोहाघाट छमनियां चौड़ स्थित आइटीबीपी 36वीं वाहिनी के जवानों ने वाहिनी मुख्यालय में पौधारोपण किया।
लोहाघाट, जेएनएन : छमनियां चौड़ स्थित आइटीबीपी 36वीं वाहिनी के जवानों ने वाहिनी मुख्यालय में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कमांडेंट सुभाष चंद्र यादव ने हिमवीरों को प्रकृति को हराभरा रख पर्यावरण को बचाने की शपथ दिलाई।
रविवार को वाहिनी कैंप कार्यालय व आवासीय परिसर में अधिकारियों और जवानों ने देवदार, सुरई, बांज, माल्टा, एकेसिया, गुडहल के दो हजार पौधे लगाए। कमांडेंट सुभाष यादव ने अभियान का नेतृत्व करते हुए जवानों को रोपित पौधों की सुरक्षा का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ प्रकृति की रक्षा में हमेशा आगे रहे हैं। कमांडेंट ने बताया कि वाहिनी मुख्यालय परिसर में छह हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान जवानों के साथ उप सेनानी बरिद्र सिंह, डॉ. मोहित वर्मा, आकाश त्यागी, श्रीपाल सिंह आदि अधिकारी भी मौजूद रहे।