द्यारचौड़ा तोक में गहराया पेयजल संकट
लधियाघाटी क्षेत्र के खरही गांव के द्यारचौड़ा तोक में एक सप्ताह से पेय जल संकट गहरा गया है।
संवाद सहयोगी, लोहाघाट: लधियाघाटी क्षेत्र के खरही गांव के द्यारचौड़ा तोक में एक सप्ताह से पेयजल संकट गहरा गया है। गांव के लोग कई किमी दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। आक्रोशित लोगों ने शीघ्र समस्या का समाधान न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने बताया दयारचौड़ा तोक मे बीते एक सप्ताह से नलों से पानी की बूंद नहीं टपकी है जिससे क्षेत्र में निवास करने वाले लगभग दस परिवारों को पानी के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों की शरण लेनी पड़ रही है। बताया कि पातलाखोला से नाखुड़ा, द्यारचौड़ा, बैजगाव तक जंगलों से गुजरने वाली लगभग पांच किमी लम्बी पेजयल लाइन में जगह-जगह फाल्ट आ गया है। क्षेत्र में आसपास स्रोत न होने से मवेशियों के लिए भी पानी ढोना पड़ रहा है। ग्रामीण धर्म सिंह रावत, ध्यान सिंह, पान सिंह, अमर सिंह, बची सिंह, मोहन सिंह, विक्रम सिंह ने जल संस्थान से पेयजल समस्या का समाधान करने की मांग की है। कहा है कि जल संस्थान ने जनभावनाओं का सम्मान नहीं किया तो परेशान लोग आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगें।