चम्पावत खड़ी बाजार जाने वाले मार्ग पर व्यापारियों ने की बैरिकेडिंग
चम्पावत नगर के खड़ी बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग पर व्यापार संघ ने बैरिकेडिंग कर दी है।
चम्पावत, जेएनएन : नगर के खड़ी बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग पर व्यापार संघ ने बैरिकेडिंग कर दी है। बैंक, एटीएम और बाजार में खरीदारी के लिए जाने वाले अधिकांश लोग दोपहिया वाहनों के साथ इस मार्ग से प्रवेश करते थे, जिससे स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। व्यापारी लंबे समय से दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित करने की मांग कर रहे थे। बैरिकेडिंग के बाद अब दोपहिया वाहन इस मार्ग से प्रवेश नहीं कर पाएंगे जिससे लोगों को राहत मिलेगी।
मंगलवार को व्यापार संघ अध्यक्ष विजय चौधरी के नेतृत्व में व्यापारियों ने मार्ग पर बैरिकेडिंग लगा दिया। व्यापारियों ने इस कार्य में पुलिस से भी सहयोग मांगा है। व्यापार संघ अध्यक्ष ने बताया कि खड़ी बाजार में प्रमुख बैंक, एटीएम, और मेडिकल की दुकान होने से बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। लोग दोपहिया वाहन लेकर यहां घुस जाते थे जिससे संकरे मार्ग पर जाम लगने के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। इससे व्यापारियों को भी खासा नुकसान होता था। बैरिकेडिंग लगाने के बाद अब दोपहिया वाहन प्रवेश नहीं कर पाएंगे। इस मौके पर प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, महामंत्री सतीश जोशी, व्यापार संघ सचिव नवल जोशी, उपाध्यक्ष सतीश तिवारी, कोषाध्यक्ष केदार जोशी के अलावा व्यापारी तुषार बिष्ट, देवेंद्र बिष्ट, नरेश गड़कोटी, सनी पटवा, धीरज खर्कवाल आदि मौजूद रहे। बैरिकेडिंग किए जाने पर स्थानीय व्यापारियों और अन्य लोगों ने व्यापार संघ का आभार जताया है। साथ ही व्यापार संघ ने स्थानीय लोगों से यातायात नियमों का पालन करने का आह्वान किया।