खेल राज्य मंत्री किरण रिजिजू बोले, शीतकालीन खेलों के लिए तैयार होगी कार्ययोजना
खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) किरण रिजिजू विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली के दौरे पर पहुंचे। कहा शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना तैयार होगी।
जोशीमठ(चमोली), जेएनएन। केंद्रीय युवा और खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) किरण रिजिजू शुक्रवार को विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली के तीन-दिवसीय दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने भारतीय पर्वतारोहण और स्कीइंग संस्थान की गतिविधियों का अवलोकन करने के साथ ही आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के अधिकारियों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
खेल राज्य मंत्री रिजिजू दिल्ली से सीधे जोशीमठ स्थित आर्मी हेलीपैड पहुंचे। इसके बाद सुनील क्षेत्र में आइटीबीपी की प्रथम वाहिनी के जवानों से मुलाकात करने के बाद वे रोपवे से औली के लिए रवाना हुए। औली में रिजिजू ने कहा कि देश में 'खेलो इंडिया' के तहत खेलों के अनेक आयोजन हो रहे हैं। स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। खासकर विंटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग योजनाएं तैयार हो रही हैं।
उनका कहना है कि अगले महीने जम्मू-कश्मीर में विंटर स्पोर्ट्स का आयोजन होना है। इसमें देशभर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कहा कि औली सहित हिमालयी राज्यों में किस तरह के विंटर गेम्स आयोजित हो सकते हैं, इस बारे में भी वे विचार करेंगे। साथ ही औली में मौजूद सुविधाओं का भी मूल्यांकन करेंगे।
यह भी पढ़ें: आठ साल से ठप पड़े आइस रिंक की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार मौन
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि औली की वादियां बहुत हसीन हैं और यहां विंटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं। रिजिजू ने कहा कि पूर्व में खेल मंत्रालय के पास विंटर गेम्स का बजट नहीं होता था, लेकिन अब इसके लिए मंत्रालय को बजट उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे खेलों के विकास की संभावनाएं बढ़ गई हैं और मंत्रालय देशभर में युवाओं को स्पोर्ट्स से जोड़ने की कोशिश कर रहा है। इससे पहले औली और सुनील पहुंचने पर आइटीबीपी के जवानों ने खेल राज्य मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर आइटीबीपी के उप महानिरीक्षक गंभीर सिंह चौहान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। रिजिजू दो दिन भारतीय पर्वतारोहण और स्कीइंग संस्थान में प्रवास करेंगे।
यह भी पढ़ें: Khel Mahakumbh: ताइक्वांडो में दून के खिलाड़यों का दबदबा
जवानों से मिलने पर होती है गर्व की अनुभूति
केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रिजिजू ने कहा कि देश के गृह राज्य मंत्री रहते उन्होंने चमोली जिले के सभी चेक पोस्टों का भ्रमण किया था। अब भी वे नियमित रूप से जवानों से मिलते रहते हैं। इससे न केवल उन्हें गर्व की अनुभूति होती है, बल्कि जवानों की हौसलाफजाई भी होती है।
यह भी पढ़ें: Khel Mahakumbh: बॉक्सिंग प्रतियोगिता में चंपावत, पौड़ी और पिथौरागढ़ जीते