किरण रिजिजू ने लगाई औली की बर्फीली ढलानों पर दौड़, स्नो स्कूटर भी चलाया
केंद्रीय खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) किरण रिजिजू ने रविवार को यहां अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग स्लोप के आसपास आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) जवानों के साथ दौड़ लगाई।
जोशीमठ(चमोली), जेएनएन। तीन दिवसीय दौरे पर विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली पहुंचे केंद्रीय खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) किरण रिजिजू ने रविवार को यहां अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग स्लोप के आसपास आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) जवानों के साथ दौड़ लगाई। उन्होंने भारतीय पर्वतारोहण और स्कीइंग संस्थान के स्नो स्कूटर से औली की बर्फीली ढलानों की सैर भी की। इस दौरान उन्होंने जवानों के अलावा अन्य लोगों से 'फिट इंडिया' के तहत अपने स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रखने की अपील भी की।
केंद्रीय खेल राज्य मंत्री शनिवार से औली के दौरे पर हैं। रविवार को उन्होंने आइटीबीपी जवानों के साथ बर्फ के बीच चहलकदमी की और दौड़ लगा रहे जवानों के साथ खुद भी दौड़े। उन्होंने जवानों के साथ ही वहां मौजूद अन्य लोगों से भी अपील की कि वे योग और व्यायाम के जरिये अपने तन-मन को चुस्त-दुरुस्त रखें। इसके बाद उन्होंने स्नो स्कूटर से औली के अंतरराष्ट्रीय नंदा देवी स्लोप समेत दस नंबर टावर तक का निरीक्षण किया। साथ ही स्कीइंग का भी लुत्फ लिया।
मुक्त कंठ से औली की प्रशंसा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इससे बेहतरीन पर्यटन स्थल और कहीं नहीं है। यहां पर बर्फ के खेलों के साथ पर्यटन का भी आनंद लिया जा सकता है। उन्होंने स्वयं भी औली की वादियों का लुफ्त लिया। इसके अलावा उन्होंने जीएमवीएन (गढ़वाल मंडल विकास निगम) के अधिकारियों सहित स्थानीय लोगों से मुलाकात कर औली में विभिन्न संभावनाओं पर चर्चा भी की।
यह भी पढ़ें: खेल राज्य मंत्री किरण रिजिजू बोले, शीतकालीन खेलों के लिए तैयार होगी कार्ययोजना
कहा कि औली को विंटर स्पोर्ट्स सेंटर के रूप में विश्वस्तरीय मानकों पर खरा उतारने का प्रयास किया जाएगा, जिससे भविष्य में यहां ओलंपिक स्तर की खेल स्पर्धाएं हो सकें। कहा कि वह भी मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से औली के विकास को लेकर चर्चा करेंगे। इस मौके पर उनके साथ आइटीबीपी के उप महानिरीक्षक गंभीर सिंह चौहान, सहायक सेनानी नरेंद्र सिंह रावत, पवन नेगी, जीएमवीएन के कमल किशोर डिमरी, विजय रतूड़ी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: आठ साल से ठप पड़े आइस रिंक की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार मौन