हॉटमिक्स प्लांट उगल रहा जहरीला धुआं
बिरही हॉटमिक्स प्लांट का धुआं बिरही चमोली गोपेश्वर समेत आसपास के क्षेत्र में जहर फैला रहा है।
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर: बिरही हॉटमिक्स प्लांट का धुआं बिरही, चमोली, गोपेश्वर समेत आसपास के क्षेत्र में जहर फैला रहा है। इससे बीमारियों की आशंका बनी हुई है। लेकिन, प्रशासन इस मसले पर चैन की नींद सोया है। कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई न किए जाने से स्थानीय जनता में आक्रोश है।
इन दिनों चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसके लिए एनएच महकमे ने बिरही में हॉटमिक्स प्लांट लगाया है। यह प्लांट नियमों के विरुद्ध लगाया गया है। आबादी क्षेत्र से सटा होने के कारण लंबे समय से इसका विरोध स्थानीय जनता व जन प्रतिनिधि कर रहे हैं। जन प्रतिनिधियों ने प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं कि आखिर आबादी व गांव के निकट हॉटमिक्स प्लांट को मंजूरी कैसे मिली। अब हालत यह है कि इस प्लांट का धुआं बिरही, क्षेत्रपाल, चमोली से लेकर गोपेश्वर तक हवा में फैलकर जहर का काम कर रहा है। हॉटमिक्स प्लांट एनजीटी के नियमों की भी धच्जियां उड़ा रहा है। प्रधान संगठन के अध्यक्ष मोहन सिंह नेगी का कहना है कि कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद प्लांट को यहां से न हटाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। बताया कि इस संबंध में सूबे के मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है।