क्विज प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित
नेहरु युवा केंद्र बागेश्वर ने अपने स्थापना दिवस पर राइंका वज्यूला में कोरोना जागरूकता प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें कई स्कूलों के छात्रों ने प्रतिभाग किया।
संवाद सूत्र, गरुड़: नेहरु युवा केंद्र बागेश्वर ने अपने स्थापना दिवस पर राइंका वज्यूला में कोरोना जागरुकता के लिए क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में वज्यूला, मवई, अयारतोली, चौरसों, छटिया आदि गांवों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्र की जिला युवा समन्वयक स्निग्धा सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के कौशल विकास को लेकर लगातार काम हो रहा है। स्वत: रोजगार के लिए योजनाओं को प्रेरित किया जा रहा है। इसके अलावा योग के जरिए उन्हें सशक्त बनाने की बयार बह रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर करने वालों का यह समय है। इसलिए सभी छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट करने की जरूरत है। प्रत्येक छात्र के भीतर अलग-अलग प्रतिभा छुपी हुई है। प्रतिभा को निखारने के लिए नेहरू क्लब काम कर रहा है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रधानाचार्या ममता रानी ने क्विज प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से कोरोना जागरुकता पर विशेष कार्य करने के साथ-साथ सभी को जागरुक किया जा रहा है। रेडक्रास के जिला सचिव आलोक पाण्डेय ने सभी को मास्क पहनने और हाथों को धोने की बात कही। साथ ही कहा कि सरकार की गाइडलाइन का सभी को पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि शारीरिक दूरी नियम का सभी स्थानों पर पालन किया जाए। कोरोना को हराने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना है। कार्यक्रम का संचालन वालिटियर प्रमोद जोशी ने किया। प्रतियोगिता में अव्वल प्रतिभागियों को नेहरु युवा केंद्र बागेश्वर की ओर से पुरस्कार दिए गए।इस दौरान वालिटियर मनीष, रघुवर दानू, हरीश फस्र्वाण, नरेंद्र कार्की, मनोज टम्टा आदि मौजूद थे।