सात फेरों के साथ लिया कोरोना को हराने का संकल्प
बागेश्वर में कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव और रोकथाम के लिए लॉकडाउन चल रहा है।
जासं, बागेश्वर: कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव और रोकथाम के लिए लॉकडाउन चल रहा है। सैकड़ों शादियां टल गई हैं, लेकिन लॉकडाउन में ढील मिलने पर शादियों का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार को एक नव दंपती ने सात फेरों के साथ कोरोना को हराने का संकल्प लिया।
चंडिका मंदिर में काफी दिनों के बाद शहनाईयां बजी। मानीखेत निवासी ललित गिरी गोस्वामी पुत्र आनंद गिरी और तहसील रोड निवासी विमला पुत्री शेखर वैवाहिक बंधन में बंधे। हिदू रीति-रिवाज के अनुसार जहां नव दंपती ने सात फेरे लिए, वहीं कोरोना को हराने का भी संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि उनकी शादी 17 अप्रैल को तय थी। लेकिन कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन घोषित हो गया। लॉकडाउन के दौरान लोगों को जागरूक किया। मास्क आदि वितरित किए। लॉकडाउन के नियमों का पालन किया। जीवन में विवाह बंधन भी जरूरी है। जिसके चलते उन्होंने निर्णय लिया कि वह अब शादी के लिए जिला प्रशासन से अनुमति लेंगे। उन्हें अनुमति मिली और मंगलवार को विवाह संपन्न हो गया है। शारीरिक दूरी का पूरा ध्यान रखा गया। दोनों तरफ से दस से अधिक लोग वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वह शादी के बाद कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव और रोकथाम को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाएंगे। शासन-प्रशासन की एडवाइजरी के अनुसार नियमों का पालन करेंगे।