शामा में पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, छह सवार घायल
बागेश्वर में रमाड़ी से शामा आ रहा पिकअप वाहन खाई में गिर गया। इस घटना में छह लोग घायल हो गए।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: रमाड़ी से शामा आ रहा पिकअप वाहन खाई में गिर गया। इस घटना में छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया गया। डाक्टरों ने सभी घायलों का इलाज किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं। सोमवार की सुबह एक पिकअप वाहन परिवार के ही बच्चों को लेकर रमाड़ी से शाम की ओर आ रहा था। बच्चे शामा इंटर कालेज पढ़ने आ रहे थे। शामा पहुंचने से पहले वाहन चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। इस हादसे में रमाड़ी निवासी चालक आनंद सिंह पुत्र गोविद सिंह, मेहरबान सिंह पुत्र खुशाल सिंह, गिरीश सिंह पुत्र धन सिंह, दीपक सिंह पुत्र नंदन सिंह, रविद्र सिंह पुत्र नंदन सिंह तथा चंचल सिंह पुत्र धन सिंह घायल हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और 108 आपात सेवा को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक घायल खाई से सड़क तक पहुंच गए थे। इसके बाद 108 के माध्यम से उन्हें सीएचसी कपकोट लाया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी बीएस रावत ने बताया कि सभी घायलों का उपचार चल रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं। उन्हें जल्दी अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। इधर, थानाध्यक्ष कपकोट मदन लाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक वाहन के अनियत्रित हो जाने से दुर्घटना होने की बात सामने आई है।