सड़क और बेस अस्पताल नहीं बनने से आक्रोश
जासं बागेश्वर सड़क की दुर्दशा और बेस अस्पताल नहीं बनने से युवा कांग्रेस खफा है। शुक्रवार
जासं, बागेश्वर : सड़क की दुर्दशा और बेस अस्पताल नहीं बनने से युवा कांग्रेस खफा है। शुक्रवार को कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और जिला प्रशासन को कच्चे मोटर मार्गों की दुर्दशा के बारे में बताया। खोली गांव में बेस अस्पताल और खेल मैदान जल्द न बनाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दर्शन कठायत ने कहा कि विकास के मामले में जिला फिसड्डी साबित हो रहा है। कागजों में विकास के पुल बांधे जा रहे हैं और वाह-वाह लूटी जा रही है। द्यांगण-थुणाई, खोली-अमतोड़ा, कमेड़ी-खबडोली मोटर मार्ग तीन साल पूर्व बना था। अभी तक सड़कों पर डामर नहीं हो सका है। बरसात में सड़कों में पानी भर रहा है और गड्ढे जान के दुश्मन बने हैं। वहीं खोली में स्वीकृत बेस अस्पताल और खेल मैदान भी अभी तक शुरू नहीं हो सका है। बेस अस्पताल नहीं होने से अधिकतर मरीजों को दूसरे जिले में रेफर किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। खेल मैदान की फाइल अभी भी शासन में घूम रही है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगें जल्द से जल्द पूरी नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। उन्होंने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इस मौके पर मनीष सिंह वाणी, योगेश परिहार, सुंदर परिहार, सूर्यभानू दफौटी आदि मौजूद थे।