बागेश्वर में छाए हल्के बादल बारिश के आसार
बागेश्वर जिले में सुबह हल्के बादलों के बीच धूप खिली।
जासं, बागेश्वर : जिले में सुबह हल्के बादलों के बीच धूप खिली। शाम होते-होते हिमालय से सटे इलाके को बादलों ने घेर लिया है। इससे बारिश के आसार बने हुए हैं। आसमान में बादल छाने से ठंड भी बढ़ गई है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव और गरम कपड़े निकाल लिए हैं।
रविवार की सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे। धूप देरी से निकली और लोग भी घरों से देर से निकले। हालांकि दीपावली पर्व होने के कारण लोगों ने जरूरी कामकाज निपटाया और घरों पर ही रहे। जिससे शहर और कस्बाई इलाकों में सन्नाटा रहा। वाहनों की कमी के कारण कुछ यात्रियों को परेशानी भी हुई। दोपहर बाद एकाएक फिर आसमान में बादल छाने लगे। इसके कारण हिमालय से सटे इलाके में ठंड बढ़ गई है और बारिश के आसार भी बने हुए हैं। लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव जलाने शुरू कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सूखी लकड़ी जलाने लगे हैं और शहरों में हीटर आदि निकल आए हैं। लोगों ने गरम कपड़े आदि भी निकाल लिए हैं। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार बारिश के आसार बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अक्टूबर से नवंबर में अभी तक बारिश नहीं हुई है। किसानों को भी अच्छी बारिश का इंतजार है। गेहूं की बुवाई का काम भी बारिश होने के बाद शुरू होगा। उधर, कत्यूर घाटी में सिचाई का पानी किसानों को नहीं मिलने से वह परेशान हैं। बारिश का इंतजार कर रहे हैं और यदि अच्छी बारिश हुई तो लोगों को खुश्क ठंड से राहत मिलेगी।