नशे में वाहन चलाते मिले तो लाइसेंस होगा निरस्त
बागेश्वर में नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त हो गई है।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त हो गई है। अब शराब पीकर वाहन चलाते मिले तो लाइसेंस निरस्त कर दिया जायेगा। पुलिस दिन व रात भी एल्कोमीटर से सघन चेकिग अभियान चलाएगी।
बीते दिनों कांडा में बरात की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। अब रात में भी सघन निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। बरात की गाड़ियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। अगर कोई शराब पीकर वाहन चलाते हुए पाया जाएगा तो उस पर कार्रवाई तो की जाएगी वहीं लाइसेंस भी निरस्त करने की संस्तुति की जाएगी। पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने सभी थाने चौकियों को दिशा-निर्देशित कर दिया है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से लोगों की शिकायत मिल रही थी। रात के समय नशे की हालात में चालक गाड़ी चला रहे हैं जो अन्य लोगों के लिए खतरा तो हैं ही वहीं दुर्घटना का भी कारण बन रहा है। पहाड़ पर शराब ही दुर्घटना का सबसे बड़ा कारण है। इसके लिए सभी जगहों पर चेकिग अभियान चलाया जाएगा। एल्कोमीटर से चेकिग की जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। अगर कोई नियम तोड़ेगा तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
..........
बरात की गाड़ियों में ओवरलोडिग
महामारी काल में भले ही शारीरिक दूरी के सख्त नियम बनाए गए हो, लेकिन वाहन चालक ओवरलोडिग से बाज नहीं आ रहे हैं। नियमों के विरुद्ध वह सवारियां ढो रहे हैं, जिससे पहाड़ के घुमावदार मोड़ों पर हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पुलिस व परिवहन विभाग की कार्रवाई भी फिलहाल इन लापरवाह चालकों पर कम ही दिखाई दे रही है।