बीमा कर्मचारी संघ ने किया प्रदर्शन
बागेश्वर में बीमा कर्मचारी संघ देशव्यापी हड़ताल में शामिल हुआ और कर्मचारी ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : बीमा कर्मचारी संघ देशव्यापी हड़ताल में शामिल हुआ और कर्मचारी ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों को लेकर सरकार संवेदनशील नहीं है, जिसके कारण पूरे देश में एक साथ हड़ताल हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो वे आंदोलन तेज करेंगे। गुरुवार को एलआइसी के कर्मचारी स्थानीय कार्यालय के समक्ष एकत्र हुए। उन्होंने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि एलआइसी के आइपीओ, पब्लिक सेक्टर में उपक्रमों में विनिवेश, लेबर कोर्ड बिल का विरोध किया जा रहा है। उन्होंने एलआइसी कर्मचारियों के 2017 से लंबित वेतन वृद्धि, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने सभी कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन 21000 रुपये सुनिश्चित करने की मांग की। इस मौके पर बसंत बलल्लभ कांडपाल, ललित मोहन बिष्ट, चंद्रशेखर पाठक, नंदन सिंह धामी, प्रेम रजवार, गौरव वर्मा, रोहित कुमार, अनिल गोस्वामी आदि मौजूद थे। ------------ डाकघर कर्मचारी भी हड़ताल पर रहे केंद्र सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ डाकघर कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल हुए। इसके कारण जिले का मुख्य डाकघर बंद रहा, जिससे लोगों को भी भारी दिक्कतें हुई। इसबीच शादी-विवाह का सीजन चल रहा है। डाकघर से लोग धनराशि आदि निकालते हैं, लेकिन गुरुवार को मुख्य डाकघर में ताला लगा रहा और हड़ताल की सूचना चस्पा होने से लोग निराश होकर घरों को लौटे। कर्मचारियों ने कहा कि वे पेंशन की पुरानी व्यवस्था बहाली, न्यूनतम वेतन का निर्धारण, वेतन पुनरीक्षण बिल लागू करने आदि मांग को लेकर वे हड़ताल पर हैं। ----------- शिक्षक और कर्मचारियों ने बांधा काला फीता राष्ट्रव्यापी हड़ताल का शिक्षक-कर्मचारियों ने भी समर्थन किया। उन्होंने काली पट्टी बांधकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। शिक्षकों ने कहा कि सेवानिवृत्त के बाद पेंशन होना जरूरी है। तभी कर्मचारी को इसकी जरूरत होती है। जिससे सरकार ने उन्हें वंचित कर दिया है। इस मौके पर आलोक पांडे आदि मौजूद थे।