बनलेख में महिलाओं की गाड़ी रोककर की अभद्रता
जागरण संवाददाता बागेश्वर बनलेख से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर स्यांकोट को जा र
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: बनलेख से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर स्यांकोट को जा रहे महिला कलाकारों की गाड़ी रोक एक व्यक्ति ने उनके साथ अभद्रता की। शराब के नशे में चूर व्यक्ति ने उन्हें जान से मारने तक की धमकी दे डाली। मौके पर पहुंची रीमा चौकी पुलिस से भी धक्का-मुक्की हुई। बमुश्किल आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
रविवार की तड़के करीब पौने दो बजे बनलेख मूलनारायण मंदिर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर कलाकारों की एक टीम स्यांकोट को जा रही थी। कुछ दूर पहुंचने पर शराब के नशे में चूर मोहन सिंह खाती पुत्र देव सिंह खाती निवासी उडियार ने गाड़ी रुकवा दी। वह सड़क के बींचोबीच खड़ा हो गया। महिला कलाकारों से अभद्रता करने लगा। यही नहीं उसने गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा दिया। मामला बढ़ता देख कलाकारों की टीम से एक महिला ने रीमा चौकी पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर एसआइ जीवन सिंह चुफाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शराब के नशे में चूर आरोपित को गिरफ्तार करने की कोशिश की, लेकिन वह पुलिस वालों से ही उलझने लग गया। बमुश्किल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। उसके बाद आरोपित का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया।
महिला कलाकारों की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ पुलिस ने आइपीसी की धारा 354, 504, 506, 342, 427 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। आरोपित पुलिस हिरासत में है। एसआइ जीवन सिंह चुफाल ने कहा कि एक ही आरोपित था। उस पर कार्रवाई की गई है। पुलिस कर्मियों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई।