बागेश्वर में गांधी आश्रम के वस्त्रों की बढ़ी मांग, लौटी रौनक
बागेश्वर में ठंड धीरे-धीरे दस्तक दे रही है। इसी के साथ गर्म कपड़ों की डिमांड भी बढ़ने लगी है।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : ठंड धीरे-धीरे दस्तक दे रही है। इसी के साथ गर्म कपड़ों की डिमांड भी बढ़ने लगी है। कारोना काल में रही मंदी के बाद अब गांधी आश्रम भी अवसर का लाभ उठाने के चलते खरीदारों को ऊनी वस्त्रों में 25 प्रतिशत तक छूट दे रहा है। नवंबर में व्यवसाय बढ़ने की उम्मीद है।
गांधी आश्रम सूती, खादी के गद्दे, तकिया, लिहाफ, साड़ी, थुलम, चुटका, कंबल आदि में 25 प्रतिशत तक छूट दे रहा है।
लाकडाउन की मार के बाद गांधी आश्रम का कारोबार अब संभलने लगा है। लाकडाउन के दौरान करीब 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ। कच्चे माल के लिए बजट नहीं होने के कारण उत्पादन पर भी विपरीत असर पड़ा है। गांधी आश्रम में इन दिनों खादी वस्त्रों पर 25 प्रतिशत की छूट है। इससे ग्राहकों में इजाफा हो रहा है। आश्रम के कर्मचारियों के अनुसार दिसंबर में व्यवसाय बढ़ने की उम्मीद है।
-वर्जन-
जीएसटी गांधी आश्रमों से हटनी चाहिए। ताकि बेहतर काम करने वालों को मुनाफा हो और सामान के दाम भी कम होंगे। वर्तमान में 25 प्रतिशत छूट पर सामान बेच रहे हैं। बजट की कमी के कारण कच्चा माल नहीं खरीदा है। अक्टूबर में एक लाख रुपये का व्यवसाय हुआ है।
-खंड़क सिंह परिहार, व्यवस्थापक, गांधी आश्रम।
---
धनराशि समय खर्च करने के निर्देश
संस, अल्मोड़ा : जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विभागों को मिली धनराशि का सदुपयोग करते हुए शत प्रतिशत उसे व्यय करने एवं योजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए। विकास भवन में जिला योजना, राज्य सेक्टर व केंद्र सहायतित योजनाओं की समीक्षा करते हुए ये निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से तीसरे किश्त के प्रस्ताव तुरंत अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय भेजने को कहा ताकि उसके सापेक्ष विभागों को धनराशि अवमुक्त हो सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम, जल संस्थान, लघु सिचाई से अवमुक्त की गयी धनराशि को समय पर व्यय करने को कहा। बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं के संबंध में विभागों के कार्यो की समीक्षा भी की। उन्होंने शासन में लंबित प्रस्तावों के बारे में लगातार प्रगति की जानकारी लेते रहने के निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर गौरव पांडे, सीएमओ डा. सविता हयांकी, अर्थ एवं संख्याधिकारी जीएस कालाकोटी, अपर संख्याधिकारी कुंदन लाल के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।