आइएमएफ की टीम ने एक किमी मार्ग से हटाई बर्फ
जागरण संवाददाता बागेश्वर भारतीय पर्वतारोहण संस्थान नई दिल्ली की टीम एडवांस बेस कैंप पर ड
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : भारतीय पर्वतारोहण संस्थान नई दिल्ली की टीम एडवांस बेस कैंप पर डटी हुई है। टीम ने कैंप के इर्द-गिर्द से बर्फ हटा ली है। करीब एक किमी मार्ग खोलने में कामयाबी भी टीम को मिली गई है। टीम के सभी सदस्य ठीक स्थिति में हैं।
भारतीय पर्वतारोहण संस्थान नई दिल्ली से प्राप्त जानकारी के अनुसार मौसम खराब होने से बर्फबारी के कारण बेस और एडवांस कैंप में 14 सदस्यीय टीम अभी भी डटी हुई है। गुरुवार को मौसम अनुकूल होने के बाद टीम ने करीब एक किमी मार्ग से बर्फ हटाई और मार्ग आगे की तरफ खोल दिया है। वहीं राज्य आपदा प्रतिवादन बल देहरादून से भेजे गए फार्मासिस्ट अभी खाती में हैं और वे गाइड के साथ बुधवार को वहां पहुंच गए थे। उनके पास वायरलेस सेट और सेटेलाइट फोन भी है। वे खोजबचाव दल को स्वास्थ्य संबंधित मदद भी करेंगे। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि दल के टीम लीडर ध्रुव जोशी सीधे दिल्ली से कनेक्ट हैं और जो भी सूचनाओं का आदान-प्रदान भी आइएमएफ दिल्ली से हो रहा है। टीम पूरी तरह सुरक्षित है और नंदादेवी ईष्ट से लापता पर्वतारोहियों को खोजने का काम जल्द शुरू करेगी।
.......
नंदादेवी ईष्ट से लापता पर्वतारोहियों को खोजने के लिए गई 14 सदस्यीय टीम पर जिला प्रशासन की पूरी नजर है। हररोज दिल्ली आइएमएफ से संपर्क हो रहा है। टीम एडवांस बेस कैंप पर डटी हुई और बर्फबारी के बाद बंद रास्तों को खोल रही है।
-रंजना राजगुरु, डीएम, बागेश्वर