वन कर्मियों ने बागेश्वर में जंगल की आग फैलने से बचाई
बागेश्वर के छतीना रेंज के जंगलों में अराजक तत्वों ने आग लगा दी।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : छतीना रेंज के जंगलों में अराजक तत्वों ने आग लगा दी। आग तेजी से फैलने लगी और पुलिस लाइन की तरफ बढ़ने का खतरा पैदा हो गया। वन कर्मियों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
जिले में जंगलों का जलना जारी है। गत मंगलवार की रात छतीना रेंज के जंगलों में भीषण आग लग गई। इसके दफौट के जंगल से होते हुए पुलिस लाइन तक पहुंचने का खतरा बढ़ गया। सूचना पर वन विभाग की टीम करीब आधे घंटे में वहां पहुंच गई। वन कर्मियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद रात 12 बजे आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। इससे पुलिस लाइन तक आग पहुंचने का खतरा टल गया। आग लगने से 1.2 हेक्टेयर वन भूमि जलकर खाक हो गई।
वहीं, बेमौसम जल रहे वनों को लेकर वन विभाग भी काफी परेशान है। रेंजर मनीष कुमार ने कहा कि वनों को आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि धारा 26 में यह अपराध है, जिसमें छह माह की सजा और पांच हजार से 20 हजार रुपये तक अर्थदंड का प्रावधान है। आरोपित को दोनों सजाओं से दंडित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों को वनों के प्रति जागरूक होना होगा। छतीना के जंगल वन आरक्षित हैं। पिरूल जला है और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। टीम में मनोज आर्य, त्रिलोक पांडे, दीवान कनवाल आदि शामिल थे।
---
अल्मोड़ा में खत्याड़ी के पास डंप कूडे़ के ढेर में लगी आग
संस, अल्मोड़ा: नगर से सटे खत्याड़ी क्षेत्र में बेस अस्पताल रोड के किनारे डंप किए गए कूडे़ के ढेर में आग लग गई। आग बढ़ती देख लोगों ने इसकी सूचना डीसीआर को दी। इसके बाद दमकल के वाहन को आग बुझाने के लिए भेजा गया। कड़ी मसक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
बेस अस्पताल से कुछ ही दूरी पर स्थित सड़क किनारे जंगल में कूडे़ का ढेर जमा था, जहां शाम को अचानक आग लग गई। हवा के बढ़ते रुख के कारण आग धधकने लगी। इसकी सूचना तुरंत क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन के दी। सूचना पाकर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी ने दमकल कर्मियों को वाहन के साथ रवाना किया। हवा चलने के कारण दमकल को आग बुझाने में कड़ी मेहनत करनी पड़ी। किसी तरह दमकल र्किमयों ने आग पर काबू पा लिया। इस दौरान दमकल कर्मी कुंवर सिंह राणा, राजेंद्र सिंह राणा, विनोद भंडारी, भुवन कुमार, खुशाल भारती आग बुझाने में जुटे रहे।