कौसानी मे सैलानियों की चहलकदमी से खिले चेहरे
नया साल नजदीक आते ही कौसानी में भी पर्यटकों की चहलकदमी शुरू हो गई है।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: नया साल नजदीक आते ही कौसानी में भी पर्यटकों की चहलकदमी शुरु हो गई है। कोविड महामारी के बाद आ रहे पर्यटकों से पर्यटन व्यवसाइयों के चेहरे में खुशी की लहर है। उन्हें यकीन है कि आने वाला साल नई उम्मीदों से लबरेज होगा।
जिले में कौसानी विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों में एक है। यहां हर साल नव वर्ष का जश्न मनाने को हजारों की तादात में देशी-विदेशी सैलानी पहुंचते है। लेकिन मार्च से कोविड-19 की फैली बीमारी ने पर्यटन व्यवसाय को सबसे अधिक प्रभावित किया। साल भर पर्यटन गतिविधियां ठप रही। जिससे पर्यटन से जुड़े लोगों को करोड़ों का नुकसान हुआ है। लोग कौसानी के साथ सैलानी ऐतिहासिक गरुड़ बैजनाथ मंदिर व बागनाथ मंदिर के दर्शन को भी आते थे। व्यापार संघ अध्यक्ष बबलू नेगी ने बताया कि पहले की तुलना में काफी कम सैलानी ही यहां पहुंचे है। 30 प्रतिशत बुकिग हुई है। लेकिन अब शुरुआत हो रही है। आने वाले समय में परिणाम सकारात्मक रहेंगे। अब नए साल में वैक्सीन भी आ जाएगी। इसके बाद आने वाला पर्यटन सीजन अच्छा रहने की उम्मीद है। अभी विदेशी सैलानी तो ज्यादा नही आ रही है देशी सैलानी ही है। देशी भी हमारे राज्य के ही अधिक है।
बंगाली के साथ प्रदेश के अन्य जिलों नैनीताल, उधमसिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून आदि जगहों से सैलानी रोज कौसानी पहुंच रहे है। यहां से दिखाई देने वाला सूर्योदय व सूर्यास्त लोगों को काफी आकर्षित करता है। वहीं त्रिशूल पर्वत के साथ हिमालयी चोटियों का विहगम नजारा भी दिखाई देता है।
--- कोविड-19 का असर पर्यटन व्यवसाय पर पड़ा है। उम्मीद है कि नए साल में सब ठीक हो जाएगा। वैक्सीन भी तब तक बाजार में आ जाएगी।
कीर्ति कुमार आर्या, जिला पर्यटन अधिकारी, बागेश्वर