प्रशिक्षण लेकर घर लौट रहे शिक्षक की मौत
चुनाव ड्यूटी का प्रशिक्षण लेने के बाद घर लौट रहे शिक्षक की रास्ते में तबीयत बिगड़ गई। बाद में उनकी मौत हो गई।
बागेश्वर: चुनाव ड्यूटी का प्रशिक्षण लेने के बाद घर लौट रहे शिक्षक की रास्ते में तबीयत बिगड़ गई। शिक्षक साथी उन्हें जिला अस्पताल लाए। डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पहले पंचनामा भरा। बाद में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरसिग्याबगड़ स्कूल में तैनात 42 वर्षीय शिक्षक उमेश चंद्र जोशी पुत्र हरीश जोशी शनिवार को बागेश्वर डिग्री कालेज में चुनाव प्रशिक्षण लेने आए थे। देर शाम वह प्रशिक्षण होने के बाद वह अपने घर दणों जा रहे थे। रास्ते में उनकी तबीयत एकाएक बिगड़ने लगी। इसके बाद स्वजन व साथ में आए अन्य लोग उन्हें जिला अस्पताल ले आए। लेकिन यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी। रात में पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे स्वजनों को सौंप दिया है। कोतवाल जगदीश ढकरियाल ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का असली कारण सामने आएगा। प्रथम दृष्टया ब्रेन हैमरेज मौत का कारण माना जा रहा है। वहीं दूसरी ओर द्वाराहाट नगर से करीब 12 किमी दूर नौबाड़ा मोटरमार्ग पर बेकाबू कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चार अन्य को भी चोट पहुंची है। दुर्घटना रविवार देर शाम करीब पौने नौ बजे की है। कार चालक गिरीश सिंह (27) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी चौड़ा गांव द्वाराहाट बाजार से कुछ ग्रामीणों को बैठा कर नौबाड़ा गांव की ओर रवाना हुआ। विकासखंड के नागार्जुन के पास तीखे मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। नतीजतन अनियंत्रित कार सड़क से पलटकर खाई की ओर जा गिरी। पहाडि़यों से टकराने के कारण कार के परखच्चे उड़ गए। चालक गिरीश सिंह समेत चार अन्य चोटिल हो गए। ड्राइवर के साथ ही साथ बैठे दीपक सिंह व प्रकाश को गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। मगर चालक पहले ही दम तोड़ चुका था। डा. रंजन ने बताया कि घायल दीपक व प्रकाश का उपचार चल रहा है। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं। थाना प्रभारी राजेंद्र बिष्ट ने बताया कि शव का पंचनामा किया जा रहा है। सोमवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।