पहाड़ पर सुबह-शाम आफत, दिन में राहत
पहाड़ पर शनिवार को मौसम साफ रहा। दिनभर चटख धूप खिली रही। इससे लोगों ने ठंड से राहत महसूस की। पर्वतीय अंचल में वर्तमान में सुबह व शाम कड़ाके की ठंड है। वहीं दिन में धूप खिलने से राहत है।

संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : पहाड़ पर शनिवार को मौसम साफ रहा। दिनभर चटख धूप खिली रही। इससे लोगों ने ठंड से राहत महसूस की। पर्वतीय अंचल में वर्तमान में सुबह व शाम कड़ाके की ठंड है। वहीं दिन में धूप खिलने से राहत है। शनिवार को धूप खिली रहने से ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग आवश्यक सामान की खरीदारी को बाजार पहुंचे। इससे बाजार क्षेत्र में रौनक बनी रही। मुख्यालय का अधिकतम तापमान 19 तथा न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पहाड़ पर पिछले एक सप्ताह तक मौसम में उतार-चढ़ाव के बाद शुक्रवार से दिन में चटख धूप खिली है। इससे लोगों ने सुबह की ठंड से राहत महसूस की। वहीं साफ मौसम के बीच फड़ लगाकर अपनी आजीविका चलाने वाले कारोबारियों के चेहरे भी खिले रहे। इधर नगर व आसपास के क्षेत्रों में सुबह कोहरा छाया रहा। जो दिन चढ़ने के बाद पूर्वाह्न में छंट गया। इधर साफ मौसम के बीच विधानसभा चुनाव में उतरे विभिन्न दलों के प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने भी गांव व कस्बों में जाकर साफ मौसम का लाभ उठाया और मतदाताओं को अपनी-अपनी कार्ययोजना के बारे में बताया।
ग्रामीण क्षेत्रों में काश्तकार प्याज के पौध की निराई गुड़ाई में जुटे रहे। वहीं कई काश्तकार आलू की फसल के लिए खेत तैयार करने में व्यस्त रहे। पिछले दिनों खराब मौसम के बाद लगातार दूसरे दिन भी धूप खिली रहने से अधिकतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान स्थिर रहा।
बागेश्वर : बीती 20 जनवरी से जिले में मौसम का मिजाज और 27 जनवरी तक समूचा जिला कड़ाके की ठंड की चपेट में रहा। शुक्रवार को दिनभर धूप रहने से लोगों को राहत मिली। शनिवार को भी ऊंचाई वाले क्षेत्र में सुबह सात बजे धूप निकल आई। यहां रात में पाला भी जमकर पड़ा। घाटी वाले क्षेत्र बागेश्वर, गरुड़, कपकोट आदि क्षेत्र सुबह कोहरे के आगोश में रहे। यहां दस बजे बाद कोहरा छटा तब धूप के दर्शन हुए। मौसम का मिजाज इसी तरह रहा तो इसका असर चुनाव प्रचार में भी देखने को मिलेगा।
Edited By Jagran