पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज दून में गाएंगे कुमाऊंनी शैली में बने बंग्ले के गुण
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने अल्मोड़ा जनपद भ्रमण के दौरान होली एंजिल पब्लिक स्कूल के पास कुमाऊंनी शैली में बने भवन की खूब सराहना की।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने जनपद भ्रमण के दौरान होली एंजिल पब्लिक स्कूल के निकट प्राचीन वास्तु शिल्प के आधार पर निíमत होम स्टे हिमालयन बंग्ले का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्वतीय शैली से बने इस होम स्टे में की गई नक्काशी को देखकर कहा कि देहरादून जाकर वे लोगों को इसकी खूबियों के बारे में जरूर बताएंगे। उन्होंने कहा कि यहां से अल्मोड़ा शहर व हिमालय का विहंगम दृश्य मंत्रमुग्ध करने वाला है। कहा कि भवन में प्राचीन अल्मोड़ा के पटालों से जो नक्काशी की गई है, वे अपने आप में अदभुत है। पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा दिए जाने हेतु अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना है। कहा कि जनपद में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। होम-स्टे के अंतर्गत भी पर्यटन को बढ़ाया जा सकता है। इसके माध्यम से यहां की लोक संस्कृति एवं वास्तुकला को देखने के लिए पर्यटक आकर्षित होंगे। अन्य लोगों को भी इस तरह के होम स्टे बनाकर पर्यटन को बढ़ावा देना चाहिए। बोले, कुमाऊंनी शैली पर आधारित इस होम स्टे की थीम सराहनीय है। कहा कि उत्तराखंड के वास्तुशिल्प एवं समृद्ध संस्कृति का उपयोग कर यहां पर रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इस अवसर पर कुमाऊं मंडल विकास निगम के अध्यक्ष केदार जोशी, जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट, उपजिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, मोनिका, गौरव पांडे, तहसीलदार संजय कुमार, भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश गुरूरानी, विनीत बिष्ट, जलागम प्रबंधक एसके उपाध्याय, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, होम स्टे संचालक कमल कपूर आदि मौजूद रहे।