दोहरे हत्याकांड का हत्यारोपित चढ़ा पुलिस के हत्थे
पनुवानौला स्थित पतोड़िया फार्म के समीप दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस के हाथ सफलता लगी है। पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पूर्व चार आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी थी।
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : पनुवानौला स्थित पतोड़िया फार्म के समीप दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस के हाथ सफलता लगी है। पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पूर्व चार आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। हालांकि अब भी मामले में दो आरोपित फरार चल रहे हैं।
बीते साल 28 अक्तूबर को राजस्व पुलिस को पनुवानौला के समीप पतोड़िया फार्म में कार में जला हुआ शव बरामद हुआ था। जबकि पास में ही घायल हालत में एक अन्य व्यक्ति भी मिला था। जिसे बेस अस्पताल से सुशीला तिवारी रेफर कर दिया गया था। शव की शिनाख्त ग्राम शैल पतालदेवी निवासी शिब्बन लाल के रूप में हुई थी। जबकि दूसरे घायल ने एसटीएच हल्द्वानी में दम तोड़ दिया था। उसकी भी शिनाख्त स्याहीदेवी शीतलाखेत निवासी राकेश नाथ पुत्र पूरन नाथ के रूप में की जा चुकी थी। मृतक शिब्बन के पुत्र जय शैली की तहरीर पर मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। दोहरे हत्याकांड मामले में राजस्व पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया था। बाद में मामला रेगुलर पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया। इधर बीते बुधवार को नामजद आरोपित केदार सिंह बिष्ट को पुलिस ने दबोच लिया। इस तरह अब तक पुलिस ने मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इधर अब भी दो नामजद आरोपित फरार चल रहे हैं।
दोहरे हत्याकांड मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही अन्य दो आरोपितों की भी गिरफ्तारी की जाएगी। सभी आरोपितों को सख्त सजा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
- राजन सिंह रौतेला, सीओ, पुलिस