हक हकूक को सीएम आवास घेरेंगे राज्य आंदोलनकारी
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने उत्तराखंड गठन में अहम भूमिका निभाने वाले राज्य आंदोलनकारियों को 10 फीसद क्षैतिज आरक्षण का मुद्दा फिर उछाला है। साथ ही देहरादून में आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग उठाते हुए राज्य सरकार का पुतला फूंक प्रदर्शन किया। आठ अगस्त को सीएम आवास के घेराव का ऐलान भी किया।
संस, द्वाराहाट : उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने उत्तराखंड गठन में अहम भूमिका निभाने वाले राज्य आंदोलनकारियों को 10 फीसद क्षैतिज आरक्षण का मुद्दा फिर उछाला है। साथ ही देहरादून में आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग उठाते हुए राज्य सरकार का पुतला फूंक प्रदर्शन किया। आठ अगस्त को सीएम आवास के घेराव का ऐलान भी किया।
उक्रांद कार्यकर्ता मंगलवार को बारिश के बीच सड़क पर उतर उतर आए। मुख्य चौराहा पर भाजपा सरकार के खिलाफ गुबार निकाला। राज्य आंदोलनकारियों के शोषण का आरोप लगाते हुए बीती 14 जुलाई को देहरादून में दर्ज मुकदमे वापस लिए जाने पर जोर दिया। उन्होंने हिमाचल की तर्ज पर उत्तराखंड में कड़ा भूकानून बनाने की वकालत करते हुए आदोलनकारियों को एक समान पेंशन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की तर्ज पर सुविधाएं आदि मुद्दे भी उठाए। आरोप लगाया कि सत्तापक्ष उत्तराखंड की मूल अवधारणा, जनभावनाओं व अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने में नाकाम साबित हो रही है। इस दौरान कैलाश फुलारा, मोहन चंद्र तिवारी, मनोज अधिकारी, बीरेंद्र बजेठा, बिपिन पंत, चंद्रप्रकाश उपाध्याय, किसन नेगी, गोपाल रौतेला, दान सिंह आदि मौजूद रहे।
सीएम से मिलेंगे राज्य आंदोलनकारी
कांडा : जिले के चयनित राज्य आंदोलनकारियों को अब तक प्रमाण पत्र नहीं देने पर कड़ी आपत्ति जताकर राज्य आंदोलनकारियों प्रदर्शन किया। कांडा पड़ाव में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जिन लोगों के कारण उत्तराखंड राज्य मिला है, आज उन्हीं की उपेक्षा हो रही है। तय किया गया कि इस मांग को लेकर वह जल्द मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बंशीधर कांडपाल ने की। इस मौके पर रूप सिंह मांजिला आलम मेहरा, वीरेंद्र नगरकोटी, हीरा सिंह कम्र्याल आदि मौजूद थे।