विकास को राजनीतिक परिवर्तन जरूरी : तिवारी
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : गैरसैंण उत्तराखंड प्रदेश की आत्मा और अवधारणा है, लेकिन पूंजीवादी और माफिय
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : गैरसैंण उत्तराखंड प्रदेश की आत्मा और अवधारणा है, लेकिन पूंजीवादी और माफिया परस्त ताकतें गैरसैंण मुद्दे से प्रदेश की जनता को भटकाने का पूरा पूरा प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों को राजनीति से बेदखल कर राज्य की अवधारणा को साकार करने के लिए प्रयास करने होंगे।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के नौवें स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय दलों और उत्तराखंड में अब तक आई सरकारों ने सुनियोजित तरीके से राज्य निर्माण की अवधारणा को ध्वस्त करने का काम किया है, जिससे जनता में हताशा और निराशा है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण समर्थक ताकतों को इसके लिए एक होना होगा। जन कवि बल्ली सिंह चीमा ने अपने संबोधन में कहा कि तराई और पहाड़ में रहने वाले लोग गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाना चाहते हैं, लेकिन जनविरोधी ताकतें जनता को इस मुद्दे से भटकाने का काम कर रहे हैं। वरिष्ठ आंदोलनकारी राजीव लोचन साह ने कहा कि ग्राम एवं नगर पालिकाओं को ग्राम सरकार का वास्तविक दर्जा दिया जाना गैरसैंण जन अवधारणा का रूप है। कुमाऊं विवि के डॉ. चंद्र प्रकाश फुलोरिया ने कहा कि गैरसैंण के बिना उत्तराखंड राज्य अस्तित्व विहीन है। कार्यक्रम को महेश परिहार, डा. हयात रावत, वैभव जोशी, आनंदी वर्मा, रेखा धस्माना, गिरीश जोशी, नवीन बिष्ट, गोविंद मेहरा, अनूप तिवारी, लीला वर्मा, रंजना, विमला, हेम पांडे, अजय तिवारी, गणेश जोशी, मनोज पंत, गोपाल बिष्ट, भुवन चंद्र जोशी, जीवन चंद्र समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
--------------------
आज मार्च निकालेंगे कार्यकर्ता
अल्मोड़ा : उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर गुरुवार को नगर के गांधी पार्क से एक मार्च का आयोजन करेंगे। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने तमाम संघर्षशील ताकतों और पार्टी कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर कार्यक्रम में मौजूद रहने की बात कही है।