पुलिस ने डंडे के बल पर बाजार कराया बंद
संवाद सहयोगी, भिकियासैंण (अल्मोड़ा) : पहली बार नगर पंचायत का दर्जा प्राप्त भिकियासैंण में प्र
संवाद सहयोगी, भिकियासैंण (अल्मोड़ा) : पहली बार नगर पंचायत का दर्जा प्राप्त भिकियासैंण में प्रशासन ने पुलिस के बल पर अचानक बाजार बंद करवा दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से व्यापारियों में आक्रोश पैदा हो गया। व्यापारियों ने कहा कि प्रशासन ने पूर्व में बाजार बंद कराने की कोई जानकारी नहीं दी और मतदान के दिन दुकानों को जबर्दस्ती बंद करवा दिया।
भिकियासैंण नगर पंचायत के चार वार्डो में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया था। करीब ग्यारह बजे अचानक पुलिस कर्मियों ने बाजार बंद करवा दिया। व्यापार संघ अध्यक्ष बिजेंद्र लटवाल ने कहा कि शनिवार को बाजार खोलने या बंद करने के संबंध में तहसील में संपर्क किया गया था। लेकिन अधिकारियों ने बंद को लेकर कोई जानकारी नहीं दी। लेकिन रविवार को जब दूरदराज से व्यापारी अपनी दुकानों को खोलने पहुंचे तो उनकी दुकानें पुलिस के बल पर बंद करवा दी गई। लटवाल ने कहा कि व्यापारियों के साथ इस तरह की जबर्दस्ती को किसी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने उन्हें एक दिन पहले बाजार बंद रखने की बात कही होती तो प्रशासन के सहयोग में व्यापारी स्वयं अपने प्रतिष्ठान बंद रखते। लेकिन ऐसा न कर पुलिस के बल पर व्यापारियों का उत्पीड़न करने का प्रयास प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।