खाई में गिरी चिकित्सा कर्मी की कार, मौत
कार खाई में गिरने से स्वास्थ्य कर्मी की मौत हो गई।
फोटो : 14 एएलएम पी 3 संसू, पनुवानौला (अल्मोड़ा): धौलादेवी विकासखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत चिकित्सा कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी कार असंतुलित होकर खेती रोड पर अनियंत्रित होकर खाई की ओर पलट गई। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मूल रूप से धारी ब्लाक के पहाड़पानी (नैनीताल) के रहने वाले नवीन चंद्र धारीवाल (35) पुत्र धनी राम सीएचसी धौलादेवी में कार्यरत थे। वह कार यूके 06 एसी 7080 से खेती गांव की ओर निकले। भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से करीब सौ मीटर आगे नवीन वाहन पर नियंत्रण खो बैठे। नतीजतन, बेकाबू कार सड़क से खाई की ओर पलट गई। करीब डेढ़ सौ मीटर गहरे में गिरने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चिकित्सा कर्मी को गंभीर चोट पहुंची। इससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वाहन में सवार उनके मित्र ललित बिष्ट पुत्र कर्म सिंह ग्राम काफली, चंद्रशेखर पुत्र बहादुर सिंह खटीमा, लोकेश कुमार पांडेय पुत्र हेमचंद्र निवासी ग्राम पल्यू तथा कार चालक दीपक कुमार पुत्र पूरन प्रसाद निवासी चौसाला गांव घायल हो गए। इन सभी को सीएचसी धौलादेवी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। इधर नवीन की मौत पर चिकित्सा प्रभारी डा. बीबी जोशी, राजेश कर्नाटक, आभा बिष्ट, मुन्ना पांडेय, हंसी भट्ट के साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्य पूजा गैड़ा, जगदीश प्रसाद, सुमित लाल आदि ने गहरा दुख जताया है। वही मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। गांव के लोग शोक जताने के लिए नवीन के घर पहुंच गए।