डीडीए के खिलाफ जनांदोलन तेज, कलक्ट्रेट कूच
जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण (डीडीए) को पूरी तरह समाप्त करने को सर्वदलीय संघर्ष समिति ने आरपार का संघर्ष शुरू कर दिया है। बीते रोज धरना प्रदर्शन के बाद समिति से जुड़े सदस्यों ने कलक्ट्रेट कूच किया।
संस, अल्मोड़ा : जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण (डीडीए) को पूरी तरह समाप्त करने को सर्वदलीय संघर्ष समिति ने आरपार का संघर्ष शुरू कर दिया है। बीते रोज धरना प्रदर्शन के बाद समिति से जुड़े सदस्यों ने कलक्ट्रेट कूच किया। प्रशासन के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेज, डीडीए को भ्रष्टाचार का जरिया करार देते हुए जनहित में प्राधिकरण के अधिकार खत्म किए जाने की पुरजोर वकालत की। साथ ही नगर पालिका को मानचित्र स्वीकृत करने की शक्ति देने की मांग उठाई।
विधानसभा में डीडीए का मुद्दा गूंजने के बाद दबाव में पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह फिर तीरथ सिंह रावत ने प्राधिकरण को समाप्त किए जाने की घोषणा तो की मगर ऐसा कुछ हुआ नहीं। इससे पहाड़ में डीडीए के खिलाफ दोबारा माहौल बन गया है। इधर जिला मुख्यालय में विभिन्न संगठनों व सियासी दलों की सर्वदलीय संघर्ष समिति ने सरकार के खिलाफ मोर्चाबंदी तेज कर दी है।
समिति के संयोजक पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी की अगुआई में बुधवार को सदस्य गांधी पार्क में धरना देने के बाद कलक्ट्रेट जा धमके। कहा कि नगर पालिका अधिनियम-1916 के प्राविधानों में नगर सीमा के तहत भवन मानचित्र स्वीकृत करने का अधिकार पालिका का है। समिति ने प्राधिकरण को समाप्त कर नगरीय क्षेत्र में मानचित्र स्वीकृत करने का अधिकार नगर निकायों को देने की मांग की है। इस दौरान समिति संयाजेक प्रकाश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, उपपा केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, पूरन रौतेला, राजीव कर्नाटक, दीपांशु पांडे, राजू गिरी, आनंद सिंह बगड़वाल, हर्ष कनवाल, पूरन चंद्र तिवारी, प्रताप सिंह सत्याल, हेमचंद तिवारी, ताराचंद जोशी, भारत रत्न पांडे, अख्तर हुसैन, चंद्रमणि भट्ट, हेम चंद्र जोशी, आनंदी वर्मा, सुनीता पांडे आदि शामिल रहे।