नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को जुटें
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : उत्तराखंड क्रांति दल युवा प्रकोष्ठ के जिला इकाई की यहां हुई बैठक में कार्यकर
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : उत्तराखंड क्रांति दल युवा प्रकोष्ठ के जिला इकाई की यहां हुई बैठक में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वह आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में पूरे मनोयोग से जुट जाएं। इस मौके पर जिले में युवा प्रकोष्ठ को और मजबूत बनाने का भी निर्णय लिया गया।
नगर के लिंक रोड थपलिया में स्थापित जिला कार्यालय में हुई बैठक में वक्ताओं ने आगामी निकाय चुनाव के लिए जनसंपर्क तेज करने का आह्वान किया। तय हुआ कि उक्रांद निकाय चुनाव में बढ़चढ़कर भागीदारी करेगा। जिला उपाध्यक्ष दिनेश जोशी ने कहा कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों को दल से जोड़ने के लिए कार्य करें। केंद्रीय उपाध्यक्ष गिरीश नाथ गोस्वामी ने कहा कि राष्ट्रीय राजनैतिक दल भाजपा व कांग्रेस गैरसैण राजधानी मुद्दे पर जनता को बरगलाने का कार्य कर रहे हैं। ये दल राज्य गठन के 17 सालों बाद भी राज्य की स्थाई राजधानी गैरसैंण घोषित नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते राज्य की स्थाई राजधानी गैरसैंण घोषित नहीं की गई तो उक्रांद युवा प्रकोष्ठ आंदोलन को बाध्य होगा। युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हरीश जोशी ने कहा कि अधिकारियों, मंत्रियों व विधायकों को जनसमस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है, इससे जनता बेहाल है। युवा प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष मोहित साह ने प्रदेश में साहूकारी अधिनियम लागू किए जाने की मांग उठाई। अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष दिनेश जोशी तथा संचालन नगर अध्यक्ष मोहित साह ने किया। इस मौके पर गोपाल मेहता, कुंदन कनवाल, शिवराज बनौला, गणेश बिष्ट, गिरीश पांडे, शैलेंद्र टम्टा, दिवाकर जोशी, हिमांशु बिष्ट, माकुब कुरैशी, आशीष गरजोला, नरेंद्र कुमार, गोपाल बनौला, पूरन उपाध्याय समेत विभिन्न विकास खंडों के अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।