जिले भर में श्रद्धापूर्वक मनाया करवा चौथ का पर्व
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाने वाला सौभाग्यदायक करवा चौथ क
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाने वाला सौभाग्यदायक करवा चौथ का पर्व गुरुवार को पर्वतीय अंचल में भी मनाया गया। इस मौके पर सुहागिन महिलाओं ने दिनभर निर्जल व्रत रखकर पति के दीर्घ जीवन की कामना के साथ पूजा अर्चना की। देर सायं रिद्धि सिद्धि के प्रदाता भगवान गणेश की पूजा व चांद के दर्शन के बाद उन्होंने व्रत का पारायण किया।
करवा चौथ पर्व पर चांद दिखते ही सुहागिन महिलाओं ने चंद्रमा को अर्घ्य देकर पतियों के लंबे जीवन और सुख समृद्धि की कामना की। इससे पूर्व महिलाओं ने घरों व मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की और अपने सुहाग को सलामत रखने की कामना की। हालांकि यह कुमाऊं का परंपरागत पर्व नहीं है, लेकिन पहाड़ में भी अब कई सुहागिन महिलाएं उत्साहपूर्वक करवा चौथ पर्व मनाने लगी हैं। कुमाऊं अंचल में वट सावित्री अमावस्या का व्रत सर्वाधिक प्रचलित है। करवा चौथ पर पारम्परिक परिधान एवं आभूषणों से सजकर महिलाओं ने देर सायं घरों की छत पर छलनी से चंद्रमा के दर्शन किए व चंद्रमा को अर्घ्य देकर आशीर्वाद लिया। पतिदेव के हाथों अन्न जल ग्रहण कर सुहागिन महिलाओं ने व्रत का पारायण किया। इस मौके पर घरों में विविध पकवान भी बनाए गए। इससे पूर्व व्रतधारी महिलाओं ने प्रात:काल उल्का देवी, नंदा देवी, शीतला देवी, कालिका देवी, पाताल देवी, त्रिपुरा सुंदरी, जगदंबा दरबार समेत विभिन्न मंदिरों में पूजा कर अखंड सौभाग्य की कामना की। वही घरों में देवी देवताओं के भजन कर परिवार के सुख-समृद्धि व निरोगी काया की कामना की।