गैरसैंण राजधानी को लेकर दिया धरना
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : प्रदेश की स्थाई राजधानी गैरसैंण बनाने की मांग को लेकर सोमवार को उत्तराखंड
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : प्रदेश की स्थाई राजधानी गैरसैंण बनाने की मांग को लेकर सोमवार को उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में धरना दिया। धरना सभा में कार्यकर्ताओं ने भाजपा और कांग्रेस पार्टी पर जनभावनाओं की अनदेखी का आरोप लगाया।
धरना सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि तमाम शहादतों के बाद उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ। राज्य निर्माण के लिए यहां के लोगों ने अपने स्वाभिमान तक को दांव पर लगा दिया था। राज्य गठन के बाद उत्तराखंड की स्थाई राजधानी गैरसैंण में बनाने का निर्णय भी लिया गया। लेकिन सालों बाद भी प्रदेश में राज कर चुके कांग्रेस और भाजपा ने इस दिशा में गंभीरता से कोई काम नहीं किया। चुनावी लाभ लेने के लिए हर बार दोनों दल गैरसैंण को राजधानी बनाने की बात तो करते हैं। लेकिन सता पर काबिज होने के बाद राजनीतिक दल इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल लेते हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय दलों की इस अनदेखी को पर्वतीय क्षेत्रों के लोग किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार से शीघ्र गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने की मांग की है।
धरना सभा में दीवान बनौला, गिरीश नाथ गोस्वामी, हरीश जोशी, दिनेश जोशी, महेश परिहार, गोपाल सिंह बनौला, शिवराज बनौला, गोपाल मेहता, कुंदन कनवाल, गिरीश साह, कमलेश जोशी, तारा राम, पूरन सिंह, लक्ष्मण सिंह, गजेंद्र नेगी समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।