स्वच्छ पर्यावरण से ही बनेगी सेहतमंद जीवनशैली
अल्मोड़ा जनपद के चौखुटिया विकासखंड के बाखली गांव में गोष्ठी के जरिये स्वच्छ भारत अभियान की सोच को हकीकत में बदलने पर जोर दिय गया।
संस, चौखुटिया (अल्मोड़ा) : विकासखंड के बाखली गांव में गोष्ठी के जरिये स्वच्छ भारत अभियान की सोच को हकीकत में बदलने के लिए घर से शुरूआत पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा स्वच्छ पर्यावरण में स्वस्थ मानव जीवन का आधार है।
नाबार्ड व संजीवनी विकास एवं जनकल्याण समिति रानीखेत के तत्वाधान में स्वच्छता, शिक्षा अभियान पर वक्ताओं ने विस्तार से प्रकाश डाला। संजीवनी संस्था के मुख्य कार्यकारी महेश घुघत्याल ने स्वच्छता का महत्व समझाया। कहा कि स्वच्छता को दैनिक जीवन में आत्मसात कर घर से शुरूआत करनी होगी। तभी गांव समाज, जनपद व देश प्रदेश को स्वच्छ एवम स्वस्थ रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि नाबार्ड संस्था ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में निरंतर प्रयासरत है। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में तमाम उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। संचालन कर रहे राजीव कांडपाल ने नाबार्ड के स्वच्छता कार्यक्रम व आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। क्षेत्र पंचायत सदस्य चेतना नेगी ने क्षेत्र में स्वच्छ भारत अभियान की सोच को साकार करने के लिए लोगों से आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छता के जरिये स्वस्थ जीवनशैली को अपनाया जा सकता है। इसमें सभी को सहयोग करना चाहिए।
बाखली की ग्राम प्रधान ज्योति ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण से ही मानव स्वास्थ्य को सेहतमंद बनाया जा सकता है। इसके लिए सबको मिलजुल कर प्रयास करना होगा। गोष्ठी में प्राथमिक पाठशाला के प्रधानाध्यापक चंदन लाल समेत गोपाल नेगी, श्याम, उमेश, दीपक, पूजा, नवीन सिंह, सरपंच त्रिलोक सिंह, मोहन सिंह, जीवन सिंह, गोपाल सिंह, बचे सिंह, राजीव पांडे, जीवानंद, मोहन चंद्र आदि मौजूद रहे।