श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी मन्नत
संवाद सहयोगी चौखुटिया पूर्वाचल व बिहार समाज के आस्था व श्रद्धा से प्रमुख जुड़ा छठ पर्व यहा
संवाद सहयोगी, चौखुटिया: पूर्वाचल व बिहार समाज के आस्था व श्रद्धा से प्रमुख जुड़ा छठ पर्व यहां पुल के समीप रामगंगा नदी के पावन तट पर शनिवार से धूमधाम व पूरे श्रद्धाभाव से शुरू हो गया है। इस मौके पर यहां रह रहे बिहार व उत्तर प्रदेश के मजदूरों, कामगारों व व्यवसायियों ने व्रत रखकर अपने परिवारों के साथ सामूहिक रूप से छठ मैया की पूजा की। शाम को व्रति महिलाओं ने नदी में खड़े होकर डूबते सूर्य की पूजा की एवं अर्घ्य दिया। परिवार की सुख-समृद्धि केलिए मन्नतें मांगी।
पर्व के प्रति सुबह से ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। आयोजन स्थल पर दोपहर से ही दूर दूर से श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुरू हो गया तथा शाम को भारी भीड़ जुट आई। चौखुटिया क्षेत्र ही नहीं बरन द्वाराहाट, जालली, कठपुड़िया, मासी, कफड़ा व नौबड़ा आदि स्थानों से भी श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान छठ पूजा स्थल पर विभिन्न फलों को लेकर श्रद्धाभाव से छठ मैया की सामूहिक पूजा-अर्चना की गई एवं परिवार की सुख-समृद्धि के लिए शाम को महिलाओं ने घंटों नदी में खड़ा होकर सूर्य को अर्घ्य देकर मन्नतें मांगी। इस दौरान मैया के गीत व भजनों ने खूब रंग जमाया। बाद में प्रसाद बांटा गया। आयोजन छठ पूजा समिति की ओर से किया गया। देर शाम तक पटाखे दागकर आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाई गई। आज 3 नवंबर दूसरे दिन सुबह सूर्य निकालने पर फिर पूजा होगी तथा उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
=========
सामूहिक पूजा से पूर्व बाजार में निकली शोभा यात्रा
श्रद्धालुओं ने छठ पूजा पर्व शुरू होने से पहले बाजार में गाजे बाजे के साथ धार्मिक यात्रा निकाली। इस दौरान समूचा बाजार छठ मैया के जयकारों से गूंज उठा। जो पूरानी बाजार से प्रारंभ होकर पूरे मीन बाजार से होते हुए रामगंगा किनारे बने छठ स्थल पहुंचा। जहां भारी भीड़ जुट आई।
=========
तीन वर्षो से मनाया जा रहा है छठ पर्व
चौखुटिया तथा आसपास के क्षेत्रों में बिहार, उप्र समेत अन्य प्रांतों के लोग लंबे समय से यहां रह रहे हैं। जो कारीगरी, मजदूरी व व्यवसाय करते हैं। पूर्व में ये लोग छठ पर्व मनाने अपने अपने घरों को निकल जाते थे, लेकिन बीते तीन वर्षो से यहीं पर्व को मना रहे हैं। इसके लिए रामगंगा नदी के किनारे छठ पर्व स्थल बनाया गया है।
========
इन्होंने दिया कार्यक्रम में सहयोग
अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, उमेश वर्मा, कंचन देवी, मधुवाला, रेखा गुप्ता, राता देवी, परमील देवी, मंटुन देवी, रीमा देवी, मालती देवली, पूजा वर्मा, दीप माला, मिनी मिश्रा, मनोज, साजन, सत्यनारायण, बीरेंद्र वर्मा व जय प्रकाश आदि।