जन्माष्टमी महोत्सव में भजन-कीर्तन व नृत्य की धूम
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : ऐतिहासिक व सांस्कृतिक नगर में चल रहे जन्माष्टमी महोत्सव में गुरुवार
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : ऐतिहासिक व सांस्कृतिक नगर में चल रहे जन्माष्टमी महोत्सव में गुरुवार को लोकगीतों के साथ ही भजन, कीर्तन व नृत्य की धूम रही। सांस्कृतिक कार्यक्र्रम के तहत कलाकारों ने राज्य की लोकसंस्कृति पर आधारित बहुरंगी छटा बिखेरी। बच्चों के लिए नृत्य प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। शुक्रवार को लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल अपनी गायकी का जादू बिखेरेंगे। महोत्सव का आयोजन श्रीराम मंदिर सांस्कृतिक एवं सामाजिक सेवा समिति धारानौला की ओर से किया जा रहा है।
गुरुवार को कार्यक्रम स्थल राजकीय इंटर कालेज परिसर में अपरान्ह में रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने मनमोहन नृत्य की प्रस्तुति दी। बच्चों ने नृत्य के दौरान ऐसी भाव-भंगिमाएं पेश की जिससे दर्शक उनका नृत्य एकटक निहारते रहे। इधर देर सायं कलाकारों ने अपनी गायकी का जादू बखेरा। महोत्सव के मुख्य संयोजक राजेंद्र तिवारी ने बताया कि महोत्सव के तहत शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर अपरान्ह 2 बजे से ऐपण प्रतियोगिता के बाद रंगारंग कार्यक्रम होंगे। इस कार्यक्रम के बाद सायंकाल लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल स्टार नाइट होगी। महोत्सव स्थल पर बच्चों के मनोरंजन के साधनों के अलावा विभिन्न विभागों के स्टाल भी लगाए गए हैं। महोत्सव में नगरवासियों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों के लोग भी उत्साहपूर्वक पहुंच रहे हैं।
----------
राधा-कृष्ण के वेश में खूब सजे बच्चे
सर्वदलीय महिला संस्था की ओर से गुरुवार को स्थानीय नंदादेवी मंदिर परिसर में जन्माष्टमी से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इससे पूर्व विस उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। लोक गायिका लता पांडे ने उत्तराखंड की आराध्य देवी मां नंदा स्तुति गाकर किया। पूरन बोरा जै नंदा लोक कला समिति के कलाकारों ने शानदार छोलिया नृत्य प्रस्तुत किया। राजन कुमार ने कुमाऊंनी गीत गाकर सबका मनोरंजन किया। संस्था की ओर से आयोजित महोत्सव के तहत शुक्रवार को मुरली मनोहर मंदिर से सांस्कृतिक शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इस मौके पर बिमला बोरा, शीला पंत, प्रकाश बिष्ट, भाष्कर साह समेत संस्था के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।