द्वाराहाट ब्लॉक दफ्तर में पूरे दिन तालाबंदी, काम ठप
ग्राम पंचायत निधि व मानदेय के लिए जिद पर अड़े प्रधानों ने आरपार के संघर्ष का ऐलान किया है। सरकार की ओर से कैबिनेट की बैठक में पंचायतों की मजबूती को ठोस कदम न उठाने से गुस्साए प्रधानों ने द्वाराहाट व ताड़ीखेत ब्लॉक मुख्यालय में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया।
जागरण टीम, अल्मोड़ा/रानीखेत/द्वाराहाट : ग्राम पंचायत निधि व मानदेय के लिए जिद पर अड़े प्रधानों ने आरपार के संघर्ष का ऐलान किया है। सरकार की ओर से कैबिनेट की बैठक में पंचायतों की मजबूती को ठोस कदम न उठाने से गुस्साए प्रधानों ने द्वाराहाट व ताड़ीखेत ब्लॉक मुख्यालय में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। जिले के अन्य विकासखंड मुख्यालयों पर भी धरना देकर सरकार के खिलाफ गुबार निकाला गया।
द्वाराहाट में मंगलवार को सातवें दिन ब्लॉक मुख्यालय में पूर्ण तालाबंदी कर प्रदर्शनकारियों ने पंचायतीराज एक्ट में मिले 29 अधिकार प्रदान किए जाने के साथ ही आपदामद में अलग से बजट की मांग उठाई। प्रधानों ने बुधवार को भी ब्लॉक में कामकाज ठप करने का ऐलान किया। इस दौरान संगठन अध्यक्ष नरेंद्र अधिकारी, प्रधान रेखा गोस्वामी, बसंती देवी, प्रेमलता तिवारी, दीवान सिंह अधिकारी, मोहन सिंह रावत, सतीश उपाध्याय, त्रिभुवन तिवारी, इंद्र सिंह, गणेश चंद्र आगरी, जगदीश सिंह, मनोज सिंह आदि मौजूद रहे। इधर हवालबाग ब्लॉक संगठन अध्यक्ष देव सिंह भोजक ने कहा कि जब तक मांगें नहीं मानी जातीं आंदोलन खत्म नहीं करेंगे। सरकार पर उपेक्षा का आरोप
ताड़ीखेत : यहां भी प्रधानों ने तालाबंदी कर सरकार पर ग्राम पंचायतों की उपेक्षा का आरोप लगाया। धरने प प्रधान मदन बिष्ट, महेंद्र सिंह डोगरा, शीला डोगरा, ईश्वर प्रकाश जोशी, गिरीश सिंह, संतोष कुमार, वीरेंद्र सिंह आदि बैठे।
धौलादेवी में भी धरना बरकरार
दन्यां : पंचायतों से जुड़े 12 ज्वलंत मुद्दों पर मुखर प्रधानों ने धौलादेवी ब्लॉक मुख्यालय में भी धरना दिया। इस दौरान प्रधान सुनीता देवी, चंद्रकला, मोहन सिंह सिंगवाल, बहादुर राम, दयाकिशन, जगदीश गोस्वामी, हरीश पाडे, आनंद जोशी आदि मौजूद रहे।