बाहरी राज्यों से पहुंचे 48 प्रवासी, सभी होम क्वारंटाइन
लॉकडाउन के चलते बाहरी राज्यों में फंसे प्रवासियों के लौटने का क्रम जारी है।
संस, अल्मोड़ा : लॉकडाउन के चलते बाहरी राज्यों में फंसे प्रवासियों के लौटने का क्रम जारी है। सोमवार को भी तीन बसों के माध्यम से 48 प्रवासी अल्मोड़ा पहुंचे। सभी का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही थर्मल स्क्रीनिंग की गई। सभी प्रवासियों को चिकित्सा प्रमाण पत्र देकर उन्हें उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों से उनके घरों को होम क्वारंटाइन के लिए घरों को भेज दिया गया। इन्हें मिलाकर अब तक अल्मोड़ा पहुंचने वाले प्रवासियों की संख्या अब 21,786 हो गई है।
सोमवार को उत्तर प्रदेश से 9, पंजाब से 10, चंडीगढ़ से 13, राजस्थान से 5, महाराष्ट्र से 6, हरिद्वार से 4 तथा दिल्ली से एक प्रवासी शामिल हैं। ब्लॉक तथा सिटी रेसपांस टीम के नोडल अधिकारी एसके उपाध्याय ने बताया कि अल्मोड़ा पहुंचने पर सभी प्रवासियों की राजकीय होटल मैनेजमेंट संस्थान परिसर में चिकित्सकों की टीम ने उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की। सभी प्रवासियों को होम क्वारंटाइन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारियां दी गई। सभी प्रवासियों से होम क्वारंटाइन में नियमों का पालन किए जाने का आह्वान किया गया। इसके बाद उन्हें चिकित्सा प्रमाण पत्र तथा लंच पैकेट देकर बसों से उनके घरों को रवाना कर दिया गया।