ऊधमसिंह नगर के 450 नौजवान दौड़ में रहे सफल
कुमाऊं रेजीमेंट सेंटर (केआरसी) मुख्यालय में भारतीय सेना का अंग बनने की उमंग युवाओं का खासी प्रेरित कर रही है।
संस, रानीखेत (अल्मोड़ा): कुमाऊं रेजीमेंट सेंटर (केआरसी) मुख्यालय में भारतीय सेना का अंग बनने की उमंग युवाओं को खासी प्रेरित कर रही। थल सेना की खुली भर्ती रैली में अब तक पांच जनपदों के 17159 में से कुल 4500 नौजवान फौजी बनने की चाह में अंतिम बाधा पार करने के लिए आगे बढ़ चुके हैं। मंगलवार को 13वें दिन ऊधमसिंह नगर की किच्छा, सितारगंज, बाजपुर व काशीपुर तहसील के युवाओं ने खूब जोर लगाया। दौड़ में सफल 1600 में से 450 नौजवानों ने शारीरिक दक्षता में लोहा मनवाया।
केआरसी के ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान पर एक दिन विश्राम के बाद सोमवार की सुबह चार बजे से विजय चौक देशसेवा का जज्बा लिए युवाओं से गुलजार हो गया। इधर मंगलवार को ऊधमसिंह नगर जिले के युवाओं ने सेना भर्ती में अपना भाग्य आजमाया। दौड़ में सफल नौजवानों को अब मेडिकल व लिखित परीक्षा पास करनी होगी।
========
आज जसपुर, गदरपुर व खटीमा के युवा लेंगे हिस्सा
बुधवार को भी ऊधमसिंह नगर की जसपुर, गदरपुर व खटीमा तहसील के नौजवान भर्ती रैली में किस्मत आजमाएंगे। चार मार्च यानी गुरुवार से नैनीताल जनपद के युवाओं को मौका मिलेगा। इस दिन नैनीताल व धारी तहसील, पाच को हल्द्वानी व रामनगर, छह को कोश्याकुटौली, बेतालघाट, कालाढुंगी व लालकुआ तहसील के युवा दौड़ेंगे। सैनिक जीडी के बाद ट्रेडमैन व तकनीकी पदों के लिए भर्ती रैली 10 मार्च तक चलनी है।
----
सेना भर्ती में फर्जी प्रमाणपत्रों के साथ युवक गिरफ्तार
संस, रानीखेत : सेना के सोमनाथ मैदान पर चल रही सेना की खुली भर्ती में फर्जी प्रमाण पत्रों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। युवक से कड़ी पूछताछ के बाद बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मंगलवार को उधमसिंह नगर के काशीपुर, बाजपुर, किच्छा व सितारगंज तहसील के युवाओं की भर्ती थी। भर्ती को पहुंचे रमपुराकानी, ढेलाखेड़ा बाजपुर के सुखविंदर सिंह के प्रमाण पत्रों पर सैन्य अधिकारियों को शक होने पर जांच की गई। जांच में सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए। इस पर सैन्य अधिकारियों ने कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद कोतवाल राजेश यादव ने सुखविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि सुखविंदर को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।