रोडवेज की लापरवाही से ढाई घटे परेशान रहे 29 यात्री
रानीखेत के छड़ा के पास उत्तराखंड परिवहन निगम की लापरवाही से 29 यात्रियों को ढाई घंटे तक फजीहत झेलनी पड़ी।
संवाद सहयोगी,रानीखेत : उत्तराखंड परिवहन निगम के हाल भी अजब-गजब है। हल्द्वानी से करीब 29 यात्रियों को लेकर बागेश्वर को रवाना हुई बस का हाईवे पर टायर पंचर हो गया। बस में दूसरा टायर तो था पर पंचर टायर को बदलने के लिए उपकरण ही नहीं थे। ऐसे में करीब ढाई घटे तक यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। हाईवे पर दौड़ रही दूसरी बस को रोककर बमुश्किल उपकरण लिया गया तब जाकर पंचर टायर बदला जा सका।
हल्द्वानी निवासी सुरेश कुमार व परिचालक पंकज टम्टा गुरुवार सुबह हल्द्वानी से काठगोदाम डिपो की बस यूके 07 पीए 2911 में यात्रियों को लेकर बागेश्वर की ओर रवाना हुए। हाईवे पर छड़ा क्षेत्र के समीप पहुंचे ही थे कि बस का अगला पहिया पंचर हो गया। बस में पंचर टायर को बदलने के लिए उपकरण ही नहीं थे। बस चालक ने अल्मोड़ा डिपो में संपर्क साधा, पर वहा से भी कोई ठीक जवाब नहीं मिल सका। ऐसे में हाईवे पर दौड़ रहे रोडवेज के कई वाहनों को रोका पर अलग-अलग तर्क देकर चालक आगे बढ़ गए। कई वाहनों में भी उपकरण नहीं थे। ऐसे में परेशान चालक व हेल्पर तथा यात्री हाईवे पर दौड़ रहे वाहनों को रोकते रहे। बमुश्किल रोडवेज की एक अन्य बस चालक ने उपकरण उपलब्ध कराए, तब जाकर बमुश्किल टायर बदला जा सका। ढाई घटे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाहन में सवार यात्री सुरेश जोशी ने रोडवेज की कार्यशैली पर रोष जताया। कहा कि लंबे सफर में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखनी चाहिए। इसे लापरवाही करार दिया। इधर काठगोदाम डिपो के एआरएम सुरेश चौहान ने भी पूरी जिम्मेदारी हेल्पर व चालक पर डाल दी है। उन्होंने डिपो की जिम्मेदारी के सवाल पर पल्ला झाड़ लिया है।